Advertisement
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज का आयोजन हुआ। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे महिला टीमों के बीच तीन मैचों की सीरीज खेली गई। भारत और जिम्बाब्वे के बीच यह पहली द्विपक्षीय महिला सीरीज है, जिसकी मेजबानी छत्तीसगढ़ ने की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को तीसरे मैच को देखने स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने दोनों देशों की खिलाड़ियों का स्वागत किया और कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा से पहचान बनाने वाली ये खिलाड़ी देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणा हैं।
साय ने कहा कि नवा रायपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला मैचों का होना प्रदेश की बढ़ती खेल क्षमता का सबूत है। इससे बेटियों को आगे बढ़ने का हौसला मिलेगा। सरकार ने इस सीरीज में महिलाओं और बालिकाओं के लिए निशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की थी।
उन्होंने कहा कि सरकार खेलों के लिए बेहतर माहौल, ट्रेनिंग और सुविधाएं दे रही है। स्टेडियम को स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर देने के बाद यहां लगातार बड़े मैच हो रहे हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले और आरसीबी के आईपीएल मैच भी यहां हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छत्तीसगढ़ की वैश्विक पहचान बनती है। पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और स्थानीय व्यापार को फायदा होता है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। सरकार का लक्ष्य नवा रायपुर को स्पोर्ट्स और इवेंट डेस्टिनेशन बनाना है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा मिल रहा है और बेटियां हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। यह सीरीज प्रदेश के खेल इतिहास में गौरवपूर्ण अध्याय के रूप में याद रखी जाएगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |