Advertisement
भोपाल/इंदौर।* विजयादशमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर पुलिस लाइन में आयोजित भव्य शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परंपरागत तलवार, भाला, त्रिशूल से लेकर अत्याधुनिक एके-47, इंसास राइफल और अन्य अस्त्र-शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां कालका की आराधना से हुई। मुख्यमंत्री ने शस्त्रों पर तिलक लगाकर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने पुलिस वाहनों, अश्वों, शस्त्रागार का पूजन और अवलोकन किया। उन्होंने कन्या पाद पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान सशस्त्र पुलिस बल के बैंड ने धार्मिक गीतों और भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। महिला पुलिस दल ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
*CM बोले- शस्त्र पूजन जिम्मेदार उपयोग की प्रेरणा देता है*
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शस्त्र पूजन भारतीय सनातन संस्कृति, शौर्य, शक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। हमारी संस्कृति हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने की प्रेरणा देती है। शस्त्र धारण करना केवल शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि समाज के कष्ट दूर करने, नागरिकों की रक्षा और व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध के माध्यम से अधर्म पर धर्म की विजय और मां दुर्गा द्वारा महिषासुर वध के माध्यम से नारी शक्ति के सामर्थ्य का संदेश देता है। भगवान राम और कृष्ण की परंपरा से समृद्ध सनातन संस्कृति हमारे संस्कारों को विशिष्ट पहचान देती है। हमारी परंपरा में शस्त्र को भी तिलक लगाकर पूजने का विधान है, जो सम्मान के साथ जिम्मेदार उपयोग की प्रेरणा देता है। भारत का गौरवशाली इतिहास वीरों के त्याग और बलिदान से बना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपने गौरवशाली अतीत से प्रेरणा लेकर स्वर्णिम भविष्य की ओर बढ़ रहा है।
*सभी त्योहारों में सरकार की सहभागिता*
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने सामाजिक संस्कारों और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए सभी त्योहारों में सक्रिय सहभागिता की परंपरा विकसित की है। आज प्रदेशभर में पुलिस बलों द्वारा शासकीय स्तर पर शस्त्र पूजन किया जा रहा है। प्रशासन में अनुशासन के साथ प्रोत्साहन भी जरूरी है। दण्ड से व्यवस्था कायम होती है तो सम्मान से उत्साह बढ़ता है।
*इंदौर पुलिस के नवाचारों की सराहना, पुलिस सेतु ऐप का शुभारंभ*
मुख्यमंत्री ने इंदौर पुलिस के नवाचारों की सराहना की। उन्होंने पुलिस सेतु ऐप का शुभारंभ किया। इस ऐप के माध्यम से नागरिक अपने स्थान के आधार पर संबंधित थाने, ड्यूटी अधिकारी का विवरण और संपर्क सुविधा एक ही प्लेटफॉर्म पर पा सकेंगे। इसकी उपयोगिता को देखते हुए इसे प्रदेश स्तर पर लागू करने पर विचार किया जाएगा।
इसके साथ ही होंडा इंडिया फाउंडेशन द्वारा आइडियल ट्रैफिक सेफ सिटी परियोजना के तहत सीएसआर निधि से उपलब्ध कराए गए 51 दोपहिया वाहनों को सीएम ने फ्लैग ऑफ किया। इससे शासन पर बिना वित्तीय भार के ट्रैफिक प्रबंधन और सड़क सुरक्षा मजबूत होगी। उन्होंने सड़क सुरक्षा जागरूकता पोस्टर का विमोचन भी किया और नशामुक्ति पर बनी लघु फिल्म देखी।
*पुलिस भर्ती और युवा वर्ष पर बड़े ऐलान*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मानव संसाधन मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती का निर्णय लिया गया है। आगामी दो वर्षों में सभी रिक्त पद भरे जाएंगे। प्रदेश में विभिन्न विभागों में कुल 85 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने अगले वर्ष को युवा वर्ष के रूप में मनाने और मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की विशेष परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की। पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन, फॉरेंसिक सुविधाओं और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर ध्यान दिया जा रहा है।
*हर जिले में बनेगा पुलिस बैंड*
राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी और 15 अगस्त पर परेड की गरिमा बढ़ाने के लिए प्रदेश के हर जिले और पुलिस बल में पुलिस बैंड की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए 750 पदों पर भर्ती की जाएगी।
*पुलिस परिवारों को नमन, महिला शक्ति की सराहना*
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी परिवार से दूर रहकर 24 घंटे सुरक्षा में तत्पर रहते हैं। उनका समर्पण सम्मान के योग्य है। उनके परिवारों के कल्याण के लिए सरकार संवेदनशील है। महिला पुलिसकर्मियों की गार्ड ऑफ ऑनर में भागीदारी पर कहा कि क्षमता किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं, बेटियां भी हर दायित्व पूरी कुशलता से निभा सकती हैं।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से 2024 से शस्त्र पूजन की परंपरा से आमजन को जोड़ा गया है। इंदौर कमिश्नरेट में 1721 और प्रदेश में 27,500 से अधिक पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई है।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया, उषा ठाकुर, संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार, कलेक्टर शिवम वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |