Advertisement
मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए विदिशा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ में अति भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है।
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रदेश के सात जिलों में स्कूलों और कुछ आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की गई है। श्योपुर, शिवपुरी, गुना, मुरैना, भिंड और ग्वालियर समेत प्रभावित जिलों में स्थानीय प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवकाश का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सभी कलेक्टरों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। नदियों और बांधों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू करने की तैयारी रखने को कहा गया है।
लगातार बारिश के चलते प्रदेश की कई नदियों और जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ गया है। जबलपुर के गौरीघाट में नर्मदा का पानी दुकानों तक पहुंच गया है, जबकि नर्मदापुरम के सेठानी घाट और खंडवा के ओंकारेश्वर में भी जलस्तर बढ़ा है। छतरपुर में धसान नदी उफान पर है और शिवपुरी में मड़ीखेड़ा बांध के गेट खुलने के बाद आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। सीधी में सोन नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, वहीं पन्ना के अमानगंज में मिढ़ासन नदी का पानी थाना परिसर और अस्पताल तक पहुंच गया। प्रदेश में अब तक करीब 30.3 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से लगभग 7 प्रतिशत कम है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |