Advertisement
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ता नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में तेज बारिश देखने को मिलेगी। इसके बाद मौसम प्रणाली पश्चिमी हिस्सों की ओर बढ़ेगी। जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर, भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग के कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
मंगलवार को उमरिया और बालाघाट में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, कटनी, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा में भारी बारिश की चेतावनी है। 3 सितंबर को भोपाल और ग्वालियर संभाग में तेज बारिश की संभावना है, जबकि 4 सितंबर को उज्जैन, भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के कई जिलों में बारिश हो सकती है।
प्रदेश में अब तक करीब 702.9 मिलीमीटर यानी 27.7 इंच बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो सामान्य बारिश से लगभग 10 फीसदी कम है। पूर्वी हिस्से में बारिश की कमी करीब 5 फीसदी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में करीब 15 फीसदी बनी हुई है। नए मौसम सिस्टम के कारण आने वाले दिनों में बारिश का आंकड़ा बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, भारी बारिश की आशंका वाले जिलों में प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, खासकर नदी-नालों और निचले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |