Advertisement
भोपाल में आवासीय इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ चल रही नगर निगम की कार्रवाई को लेकर व्यापारी एक बार फिर लामबंद हो रहे हैं। बुधवार को व्यापारी गांधीवादी तरीके से विरोध दर्ज कराएंगे। सुबह 11 बजे के बाद वे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर यानी मिंटो हॉल परिसर में एकत्र होंगे। इसके बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी सामूहिक रूप से रामधुन का गायन कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग रखेंगे।
नगर निगम की सीलिंग और नोटिस कार्रवाई के खिलाफ पिछले कुछ दिनों से शहर के अलग-अलग हिस्सों में व्यापारियों का विरोध जारी है। रोशनपुरा चौराहे पर चक्काजाम के बाद बाग सेवनिया, अवधपुरी, 10 नंबर मार्केट और आनंद नगर में भी प्रदर्शन किए गए हैं। दूसरी ओर, रहवासी संगठन भी कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। गुलमोहर कॉलोनी में रहवासियों ने टॉर्च रैली निकाली थी और इससे पहले सात नंबर मार्केट में भी प्रदर्शन किया गया था। रहवासियों की मांग है कि आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों को अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
नगर निगम की कार्रवाई तेज होने के बाद रहवासी इलाकों में कारोबार करने वाले दुकानदारों में चिंता बढ़ गई है। नए सर्वे में भवन निर्माण से जुड़े अन्य नियमों की भी जांच की जा रही है। निगम मुख्य मार्गों के साथ उनसे जुड़ी गलियों, नदी-तालाब के आसपास, ग्रीन बेल्ट, बफर जोन और कैचमेंट एरिया में बने भवनों की भी जांच कर रहा है। अवैध मैरिज गार्डन को भी नोटिस दिए जाने की तैयारी है। कार्रवाई के बीच अवधपुरी, अयोध्या बायपास, गौतम नगर, अशोका गार्डन और लालघाटी जैसे इलाकों के कई कारोबारी अब वैकल्पिक कमर्शियल स्थान तलाश रहे हैं।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |