Advertisement
मणिपुर में नई सरकार बनने के महज एक हफ्ते के भीतर उखरुल जिले में हिंसा भड़क गई। उपद्रवियों ने लितान सरेइखोंग गांव में 25 घरों और चार सरकारी क्वार्टरों में आग लगा दी। हालात बिगड़ने के बाद पूरे जिले में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है, वहीं 10 फरवरी सुबह 11:30 बजे से अगले पांच दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। तांगखुल और कुकी जनजातियों के बीच हुई झड़प के बाद इलाके में बीएसएफ, सीआरपीएफ और असम राइफल्स की भारी तैनाती की गई है।
पुलिस के मुताबिक हिंसा की शुरुआत 7 फरवरी की शाम शराब के नशे में हुए एक झगड़े से हुई थी, जिसमें तांगखुल नागा समुदाय के एक व्यक्ति के साथ मारपीट हुई। इसके बाद आसपास के गांवों में आगजनी और फायरिंग की घटनाएं सामने आईं। दहशत के माहौल में लोग अपने स्तर पर ही घर छोड़ने को मजबूर हुए। सुरक्षा और समन्वय के लिए लितान थाने में जॉइंट कंट्रोल रूम बनाया गया है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन नियंत्रण में है।
इस बीच उपमुख्यमंत्री लोसी दिखो खुद लितान पहुंचे और स्थानीय लोगों तथा विभिन्न संगठनों के नेताओं से मुलाकात कर हालात सामान्य करने की कोशिश की। राज्यभर में 115 नाके और चेकपोस्ट लगाए गए हैं, जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर जरूरी सामान की सुरक्षित आवाजाही कराई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी सूचना की पुष्टि आधिकारिक कंट्रोल रूम से करें।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |