Advertisement
महाशिवरात्रि पर उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। इस अवसर पर 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। सोमवार को एडीजी राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंदिर सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा व्यवस्था और वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनकी निगरानी मंदिर परिसर में बने कंट्रोल रूम से की जाएगी। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों से भी भीड़ पर नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में 6 एएसपी, 18 डीएसपी, 38 थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। भीड़ प्रबंधन के लिए नगर व ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों के साथ-साथ जिम में कसरत करने वाले युवाओं और कॉलेज छात्रों को भी वालंटियर के रूप में जोड़ा गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर 300 मीटर पर मेडिकल टीम तैनात रहेगी तथा वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। महाकाल मंदिर क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है और पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को 40 मिनट के भीतर सुगम और सुरक्षित दर्शन कराए जा सकें।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |