Advertisement
मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के आदिवासी बहुल इलाकों में वर्षों से चल रहे विस्थापन, बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं के संकट की आवाज अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गई है। सिंगरौली से पहुंचे आदिवासी प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। लोकसभा परिसर में हुई इस मुलाकात में प्रतिनिधियों ने खनन परियोजनाओं और औद्योगिक विस्तार के कारण हो रहे विस्थापन की जमीनी हकीकत से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ऊर्जा राजधानी कहलाने वाले सिंगरौली में विकास की कीमत आदिवासी समाज चुका रहा है। हजारों परिवार विस्थापित हो चुके हैं, लेकिन उन्हें न तो पूरा मुआवजा मिला और न ही उचित पुनर्वास और रोजगार। खनन और औद्योगिक प्रदूषण से खेती, जंगल और जल स्रोत प्रभावित हुए हैं, जिससे आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर भी चिंता जताई गई।
राहुल गांधी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि सिंगरौली के मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने जल्द ही सिंगरौली का दौरा कर जमीनी हालात देखने का आश्वासन दिया, जबकि प्रियंका गांधी ने भी आदिवासी समाज को हर संभव सहयोग देने की बात कही। इस मुलाकात के बाद आदिवासी समाज में नई उम्मीद जगी है कि उनकी आवाज अब राष्ट्रीय राजनीति में प्रभावी रूप से सुनी जाएगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |