Advertisement
बीएमसी चुनाव के बाद मुंबई के मेयर और डिप्टी मेयर को लेकर चला आ रहा सस्पेंस खत्म हो गया है। भाजपा ने रितु तावड़े को मुंबई मेयर बनाने का ऐलान किया है, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने संजय घाड़ी को डिप्टी मेयर पद के लिए नामित किया है। 11 फरवरी को मेयर और डिप्टी मेयर का औपचारिक चुनाव होना है, उससे पहले दोनों दलों ने अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
बीएमसी चुनाव परिणामों में भाजपा ने 89 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि शिंदे गुट की शिवसेना को 29 सीटें मिली हैं। इस तरह भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। भाजपा नेता अमित सातम ने मेयर पद के लिए रितु तावड़े के नाम की घोषणा की, जबकि शिवसेना नेता राहुल शेवाले ने डिप्टी मेयर पद के लिए संजय शंकर घाड़ी के नाम का एलान किया। रितु तावड़े वार्ड 132 से पार्षद हैं, वहीं संजय घाड़ी वार्ड 5 से निर्वाचित हुए हैं।
शिवसेना सचिव संजय मोरे ने बताया कि संजय घाड़ी 15 महीने तक डिप्टी मेयर के रूप में कार्य करेंगे। डिप्टी मेयर का कार्यकाल बांटकर शिवसेना अपने चार पार्षदों को मौका देना चाहती है। खास बात यह है कि करीब 40 वर्षों बाद मुंबई को भाजपा का मेयर मिलने जा रहा है। बीएमसी मुख्यालय में हुई भाजपा पार्षदों की अंतिम रणनीति बैठक में रितु तावड़े के नाम पर मुहर लगी, जिसके बाद यह ऐतिहासिक फैसला सामने आया।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |