Advertisement
बहुजन समाज पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रमुख मायावती ने लखनऊ स्थित बीएसपी कार्यालय में अहम समीक्षा बैठक बुलाई, जिसमें संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। मायावती ने कहा कि एसआईआर के कारण पार्टी के कई कार्य प्रभावित हुए थे, जिन्हें अब तेजी से पूरा किया जाएगा। साथ ही उन्होंने पदाधिकारियों को विपक्षी दलों द्वारा बीएसपी को कमजोर करने की कथित साजिशों के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मायावती ने कहा कि पूर्व और वर्तमान सरकारों की नीतियों के चलते समाज में नफरत की भावना बढ़ी है, जिसका सबसे ज्यादा असर गरीबों, दलितों, शोषितों, वंचितों, मुस्लिमों और अन्य अल्पसंख्यकों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और किसानों की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है, लेकिन केंद्र और राज्यों की सरकारें जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय जाति और धर्म के नाम पर राजनीति कर रही हैं, जो देशहित में नहीं है।
मायावती ने संसद के मौजूदा सत्र पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पक्ष और विपक्ष जनता से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय एक-दूसरे को नीचा दिखाने में लगे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। टैरिफ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संसद में स्पष्ट स्थिति सामने आनी चाहिए थी, लेकिन आपसी टकराव के कारण इन मुद्दों को दरकिनार कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी दलों को भारतीय संविधान की गरिमा बनाए रखते हुए नियमों का पालन करना चाहिए।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |