Advertisement
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में अब जल्द ही पुजारी और पुरोहित ड्रेस कोड में नजर आएंगे। मंदिर प्रबंध समिति का कहना है कि कई बार एक जैसी परंपरागत वेशभूषा के कारण श्रद्धालु असली पुजारियों और बाहरी लोगों में फर्क नहीं कर पाते, जिससे ठगी की घटनाएं सामने आती हैं। इस समस्या से बचने और पहचान को आसान बनाने के लिए ड्रेस कोड लागू करने की तैयारी की जा रही है।
समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि मंदिर के 16 रजिस्टर्ड पुजारी, 22 पुरोहित और करीब 45 प्रतिनिधियों को एक समान ड्रेस कोड पहनना जरूरी होगा। इसके साथ ही सभी को गले में आईडी कार्ड रखना अनिवार्य होगा, जिसमें नाम, फोटो, पता, ब्लड ग्रुप और मोबाइल नंबर का विवरण होगा। इससे अनाधिकृत लोगों का प्रवेश रोका जा सकेगा और श्रद्धालुओं को सही पुजारी-पुरोहित पहचानने में आसानी होगी। कार्ड खोने पर तुरंत महाकाल थाना को सूचना देना अनिवार्य होगा ताकि किसी तरह के दुरुपयोग की संभावना न रहे।
मंदिर समिति ड्रेस कोड के मानक तय कर रही है और इसके लागू होने के बाद गर्भगृह व परिसर में केवल अधिकृत और आईडी कार्डधारी लोग ही प्रवेश कर सकेंगे। पहले भी गर्भगृह में प्रवेश के लिए धोती-सोला व साड़ी जैसे पारंपरिक ड्रेस नियम लागू थे, जिससे अनुष्ठान की शुद्धता बनी रहती थी। नई व्यवस्था से मंदिर की मर्यादा और अनुशासन मजबूत होगा और भक्तों को सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित वातावरण मिलेगा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |