Video

Advertisement


भारत का संविधान देश की आत्मा और लोकतांत्रिक मूल्यों को दर्शाने वाला ग्रंथ : उप मुख्यमंत्री देवड़ा
bhopal,   Constitution of India , Deputy Chief Minister Deora
भोपाल  । मध्‍य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि कैलेण्डर में 26 नवम्बर की तारीख बेहद खास है। इसी दिन भारत का संविधान अपनाया गया था। हमारा संविधान सिर्फ एक कानूनी दस्तावेज नहीं है। यह एक ग्रंथ है, जो देश की आत्मा उसके सपनों और उसके लोकतांत्रिक मूल्यों को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दुनिया में शायद ही किसी देश के संविधान की मूल प्रति इतनी कलात्मक होगी। संविधान की मूल प्रति हाथ से लिखी गयी थी। यह मूल प्रति आज भी संसद भवन की लाइब्रेरी में सुरक्षित रखी गयी है। उप मुख्यमंत्री देवड़ा बुधवार को भोपाल में विधानसभा के मानसरोवर सभागार में समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि संविधान का निर्माण कोई जल्दबाजी का काम नहीं था। संविधान सभा को इसे पूरा करने में 2 साल 11 महीने 18 दिन का समय लगा। इस दौरान समिति की 114 दिनों की बैठकें हुईं। उन्होंने कहा कि संविधान सभा में विविधता का प्रतिबिम्ब था। कुल 179 सदस्यों मं 15 महिलाएं भी शामिल थीं। स्व. सरोजिनी नायडू, विजयलक्ष्मी पंडित, दुर्गा बाई देशमुख और हंसा मेहता जैसी महिला सदस्यों ने सक्रिय रूप से सभा की बहसों में भाग लिया। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि संविधान एक स्थिर दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह समय के साथ विकसित होता रहता है। अब तक इसमें कई संशोधन हो चुके हैं, जो इसे बदलती हुई सामाजिक और आर्थिक जरूरतों के अनुरूप ढालते हैं।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि आज के दिन संविधान के 78 वर्ष पूर्ण हुए हैं। उन्होंने संविधान में मौलिक अधिकार और कर्त्तव्यों की व्याख्या की। मंत्री पटेल ने कहा कि केन्द्र और राज्य के संबंध और सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय पाने के अवसर संविधान में मौजूद हैं।

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि आज का दिन महत्वपूर्ण है। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर एवं सदस्यों को नमन किया। संविधान की ताकत का जिक्र करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि वर्ष 1940 से 1950 के बीच अनेक देश आजाद हुए, लेकिन भारत की ताकत संविधान है, इसकी वजह से हमारा देश लोकतांत्रिक देश बना हुआ है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं में 29 सदस्य मध्यप्रदेश के रहे, यह गौरव की बात है। समारोह में प्रारंभ में अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने कार्यक्रम के अतिथियों का स्वागत किया और संविधान की पृश्ठभूमि से सभी को अवगत कराया।

कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्णा गौर, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, विधायक भगवान दास सबनानी, महापौर मालती राय सहित विधानसभा के वरिष्ठ अधिकारी, स्कूल-कॉलेज के छात्र एवं छात्राओं के साथ नागरिक भी मौजूद थे।

 

Kolar News 26 November 2025

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.