Video

Advertisement


बीजेपी नेताओं को नसीहत कार्यकर्ता से सम्बन्ध सुधारें
bjp mla

 

भाजपा विधायक दल की बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने साफतौर पर चेतावनी दी कि कार्यकर्ता निष्क्रिय हैं तो उनसे संबंध सुधार लीजिए वरना उपलब्धियां लेकर घूमते रहेंगे, प्रचार करने वाला नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि कुछ संभागों के प्रवास में पता चला कि प्रभारी मंत्रियों के बारे में कार्यकर्ता और आम जनता की राय ठीक नहीं है, इसलिए वे प्रभार के जिले में जाएं और तीन दिन का कैंप कर कार्यकर्ता व जनसमस्याओं को निपटाएं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जुलाई में चौथा सर्वे होगा, उसके बाद टिकट की बात होगी। प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ कार्य व्यवहार में कोई चूक हुई है तो उसे सुधार लें। उन्होंने चेतावनी भी दी कि चुनाव तक ऐसी कोई हरकत या गलती न करें, जिससे पार्टी को असहज स्थिति का सामना करना पड़े।बैठक में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा भी मौजूद थे।

रामलाल ने कहा कि जहां तक कांग्रेस की बात है तो कांग्रेस का जमीन पर कुछ नहीं बचा है। हमें विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मुक्त बूथ की कल्पना के साथ उतरना है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में मेरा प्रवास हो रहा है और वहां की टोली से चर्चा हो रही है। अपने यहां कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है, उसका महत्व होता है। अपने कार्यकर्ताओं की संपूर्ण चिंता करने का हमारा स्वभाव रहना चाहिए।

माइक्रो मैनेजमेंट पर भी ध्यान देना पड़ेगा। जनआशीर्वाद यात्रा में हर स्थान से सैकड़ों लोग मुख्यमंत्री के सामने भाजपा में शामिल होंगे, ऐसी सूचनाएं आ रही हैं। यह हमारे लिए शुभ संकेत हैं। कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हों।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां तो बहुत हैं पर आपको जनता और कार्यकर्ता की चिंता करनी है। उनके साथ व्यवहार में कोई चूक हुई हो तो उसे सुधार लें। सिंह ने विधायकों को संयमित व्यवहार करने की चेतावनी देते हुए कहा कि आपकी एक चूक पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकती है। ऐसे हालात में पार्टी को भी फैसला करना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में ताकत नहीं बची है। आप पूरी ताकत से जुट जाइए। विधायकों से उन्होंने कहा कि जुलाई में चौथा सर्वे आ रहा है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद टिकट का फैसला होगा।

संगठन महामंत्री ने कहा कि प्रशासनिक अफसरों की शिकायत ठीक नहीं। उन्हें व्यवहार से जीतो। ऐसा व्यवहार रखो कि आचार संहिता के बाद उनके दिल में आपके लिए जगह रहे। सीएम से कहा कि आपकी पहचान धमक के साथ काम करवाने की है। अब विधायकों का रुतबा भी बढ़ाएं।

विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का माहौल बनाने के लिए जिलों में वरिष्ठ नेताओं को भेजा जाएगा, जो कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेंगे। इनमें मेघराज जैन, कृष्णमुरारी मोघे, माखन सिंह, प्रहलाद पटेल, विक्रम वर्मा जैसे दिग्गज नेताओं के नाम शामिल हैं। ये जिले के भीतर नेताओं-कार्यकर्ताओंके मनमुटाव या गुटबाजी दूर कर चुनावी तैयारी में लग जाने के लिए उन्हें तैयार करेंगे। इसके लिए 23 टीमें बनाई गई हैं। इसमें दो-दो नेताओं को शामिल किया गया है। ये फैसला पार्टी की उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, मंत्री जयभान सिंह पवैया सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

दिनभर चला बैठकों का दौर - भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में दिनभर बैठकों का दौर चलता रहा। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने भोपाल पहुंचते ही भोपाल संभाग के चुनिंदा कार्यकर्ताओं की बैठक बुला ली। इसमें महापौर आलोक शर्मा से लेकर पूर्व सीएम बाबूलाल गौर स्थानीय विधायक सहित कई नेता शामिल हुए। इसके बाद भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के अलग-अलग जिलों की भी रामलाल ने बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी से चुनावी फीडबैक लिया और तैयारियों के विषय में जानकारी ली।

कांग्रेस की सीटें छीननी चाहिए - राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने कहा कि हमें उन सीटों को हर हाल में छीनना है, जिन पर भाजपा 2013 में हारी थी।

 

Kolar News 28 June 2018

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.