भोपाल । मध्य प्रदेश में आज होली उत्सव का विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है] जिसमें कि अनेक खास आयोजन यहां हो रहे हैं। मुख्यमंत्री निवास और भाजपा कार्यालय में भी होली को लेकर शुक्रवार को विशेष आयोजन किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि होली भाईचारे, प्रेम और समरसता का प्रतीक है। यह पर्व हमें सामाजिक एकता और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि वे पर्यावरण का संवेदनशीलतापूर्वक ध्यान रखते हुए होली मनाएं और जल संरक्षण का भी संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। उल्लास और उमंग से सराबोर इस होली मिलन समारोह में सभी ने शालीनता के साथ पर्व का आनंद लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच पर प्रस्तुति दे रहे कलाकारों और अतिथियों के साथ रंग बरसे भीगे....., होली के दिन दिल खिल-खिल.....,, दमादम मस्त कलंदर, भोले खेलें होली... जैसे होली गीतों का सस्वर गायन कर सभी के उल्लास को दोगुना कर दिया। डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास पधारे सभी आगंतुकों पर पुष्प-वर्षा के साथ गुलाल उड़ाकर मेजबान के रूप में सबका स्वागत किया। इसके साथ ही सोशल मीडिया एक्स पर उन्हाेंने कहा कि आज होली के मंगल पर्व पर भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित "होली मिलन समारोह" में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के साथ रंगों के त्याेहार का गुलाल और गुलाब के फूलों से आनंद लिया। उन्होंने कहा, हम सभी का सौभाग्य है कि सनातन संस्कृति में ऋतुओं के आधार पर उत्सव मनाए जाते हैं। बसंत ऋतु में फाल्गुन मास की पूर्णिमा पर मनाया जाने वाला रंगों का त्याेहार है होली जो आनंद का उत्सव, बंधुत्व का प्रतीक और खुशियों का पर्व है।
होली खुशियों का त्याेहार है,
होली बंधुत्व का प्रतीक है...
होली समरसता का पर्व है,
होली आनंद का उत्सव है...
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, भारतीय जनता पार्टी के रामेश्वर शर्मा समेत अनेक विधायकगण सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि होली सभी के हृदय को उल्लास से भर देती है, यह रंगों का त्यौहार है। यह केवल रंगों से खेलने का त्यौहार नहीं, बल्कि अपने अंदर की नकारात्मकता को जलाने और पवित्रता एवं आनंद को जागृत करने का पर्व है। यह कुंठाओं और आपसी कटुता को मिटा देने का उत्सव है। संपूर्ण भारत ही नहीं जहां भी दुनिया में सनातन धर्म को माननेवाले लोग रहते हैं वे सभी इस त्याेहार को मनाते हैं।