Advertisement
भोपाल । मध्य प्रदेश में स्कूल टॉपर्स बच्चों को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूटी दी। स्कूटी बांटने और भोपाल में भारतीय किसान संघ के मंत्रालय घेराव पर सियासत भी गरमाई गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर निशाना साधा है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बुधवार को अपने निवास पर मीडिया को दिए बयान में कहा कि सरकार को देर आए दुरुस्त आए कह सकते हैं। सिंघार ने कहा कि सरकार कुंभकर्ण की नींद सो रही थी, जिसे विपक्ष ने जगाने का काम किया है। जब तक हम लोग भोंपू न बजाएं तब तक सरकार नहीं जागती है। कांग्रेस विधायक दल और हम सब लोगों ने सांकेतिक रूप से दो एक्टिवा भेंट की। लेकिन, अब लैपटॉप की बात तो सरकार कर नहीं रही है, पता नहीं कब देगी? उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि क्या पूरा पैसा लाड़ली बहनों को दिया जा रहा था ? मेधावी विद्यार्थियों के लिए सरकार क्या कर रही थी? उन्होंने कहा कि लैपटॉप वितरण की बात सरकार नहीं कर रही है। मुझे ऐसा विश्वास है कि ये योजना हमेशा चलेगी। मुझे विश्वास है कि मुख्यमंत्री जी ऐसी घोषणा करेंगे।
किसान संघ के प्रदर्शन पर बोले
किसान संघ के प्रदर्शन पर उमंग सिंघार ने कहा कि एक साल से आपकी सरकार है। एक साल से क्या कर रहे थे। किसान संघ आरएसएस का एक संगठन है। जो बताना चाहता है कि हम किसानों के हित में खडे़ हैं। ये किसानों के हित में नहीं सरकार के ही साथ हैं। यह भाजपा के पर्चे बांटने वाले लोग हैं। 2700 गेहूं, 3100 धान के देने की बात करते थे,अगर वाकई ईमानदारी से काम करते हैं तो आज ही सीएम से घोषणा करवाएं। किसान संघ नाम का रह गया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा शिवकुमार कक्का जी इसी किसान संघ में थे। जो आम किसान की बात करते थे। उनको किसान संघ से बाहर कर दिया गया। ऐसे धरने प्रदर्शन उन्होंने किसानों के हित में किए। जब खाद का संकट था तब कृषि मंत्री एंदल सिंह कंषाना का घेराव क्यों नहीं किया। जब खाद की लाइन में लगी महिला किसानों को पुलिस ने जेल भेज दिया तब किसान संघ कहां था?
दिल्ली के चुनाव में परिणाम भाजपा के खिलाफ आएंगे
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दिल्ली के चुनाव में परिणाम को लेकर कहा कि नतीजे पॉजिटिव आएंगे, भाजपा के खिलाफ आएंगे। पीएम मोदी डुबकी लगाएं, लेकिन साथ में किसानों, युवाओं की चिंता भी करें।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर साधा निशाना
सिंघार ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि क्या मध्य प्रदेश इन्वेस्टर मीट से आर्थिक रूप से एमपी मजबूत बनेगा ? आज देश में कितना कर्ज है ये मोदी जी को भी पता है और प्रदेश पर कितना कर्ज है ये मध्यप्रदेश के लोगों को पता है। अगर ये सरकार निवेश लाने की बात करती है तो पहले ये बताए कि इसके पहले की इन्वेस्टर मीट से क्या प्रदेश का आर्थिक विकास हुआ ? जनता के करोड़ों रुपए खर्च हो जाएंगे, सरकार बताए कितने रोजगार मिलेंगे। क्या देश आत्मनिर्भर हुआ, क्या देश के युवाओं को 2 करोड़ नौकरी मिली, क्या देश के किसानों को अब तक एमएसपी मिली, ये सिर्फ दिखावा करते है और चुनाव के पहले घोषणाएं करके सरकार बनाने में विश्वास करते हैं और आम जनता को भूल जाते हैं।
Kolar News
5 February 2025
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By: Medha Innovation & Development
|