Video

Advertisement


कांग्रेस ने संविधान को किताब माना, भाजपा ने ग्रंथ मानकर किया सम्मान - अजय जामवाल
bhopal, Congress considered,Ajay Jamwal

भोपाल । बीजेपी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संविधान दिवस पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित किया। उन्होंने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने संविधान में जो गलतियां की थीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धीरे-धीरे उन्हें सुधार रहे हैं और संविधान को देश के अनुकूल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा संविधान को किताब माना परंतु भाजपा ने ग्रंथ मानकर सम्मान किया है। कांग्रेस ने 90 बार संविधान का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या की है।

 
 

उन्हाेंने कहा कि धारा-370 और 35 ए इस देश के अनुकूल नहीं थी, मोदी जी ने संवैधानिक तरीके से उन्हें हटा दिया। महिला सशक्तीकरण की सिर्फ बातें होती थीं, लेकिन मोदी जी ने नारीशक्ति वंदन अधिनियम में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करके उसे साकार कर दिया। हमारा देश संविधान के मार्गदर्शन में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है कि 2047 में जब हमारी आजादी को 100 साल पूरे होंगे, तब तक भारत एक विकसित देश बने। आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से दुनिया का नंबर-1 देश बने। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि देश में हर जगह हमारा नेतृत्व हो। आज संविधान दिवस पर पार्टी कार्यकर्ता इसके लिए काम करने का संकल्प लें और संवैधानिक अधिकार ही नहीं कर्त्तव्यों को भी आत्मसात करें। देश तेजी से आगे बढ़े, इसके लिए एकजुटता जरूरी है। इसलिए पार्टी कार्यकर्ता संविधान की मूल भावना को समझें और उसे समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रसारित करें।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने की संविधान दिवस मनाने की शुरुआत

अजय जामवाल ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि सामान्यतः हम यही जानते हैं कि देश में संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ, लेकिन सिर्फ यही पर्याप्त नहीं है। संविधान दिवस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की सोच यह है कि प्रत्येक कार्यकर्ता, देश का हर व्यक्ति संविधान का अध्ययन करे, उसे जाने और इसकी भावना को समझे।

 
 

संविधान में शामिल है हमारी संस्कृति और मानवीय मूल्य

अजय जामवाल ने कहा कि हमारा संविधान जब बनकर तैयार हुआ, तो उसमें हमारी सभ्यता, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के बारे में विवरण शामिल नहीं था। समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि इन बातों का संविधान में शामिल होना आवश्यक है। इसके बाद इन बातों को कलाकृतियों के रूप में संविधान में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि संविधान के 22 खंड हैं और प्रत्येक खंड के प्रथम पेज पर एक-एक चित्र बना हुआ है। कहीं पर श्रीराम, कहीं हनुमान जी तो कहीं पर सिंधु घाटी सभ्यता के चित्र हैं। ये सभी चित्र हमारी सभ्यता, संस्कृति और मानवीय मूल्यों को भलीभांति प्रदर्शित करते हैं।

 

संविधान के प्रति जागरूकता न होने का फायदा उठाती रही कांग्रेस

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने कहा कि देश के संविधान में अब तक 106 बार संशोधन हुए हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश कांग्रेस की सरकारों ने किए हैं। 90 बार कांग्रेस की सरकारों ने धारा 356 का दुरुपयोग कर चुनी हुई सरकारों को गिराया और लोकतंत्र की हत्या की। कांग्रेस की सरकारें संविधान की आत्मा से ये खिलवाड़ इसलिए कर सकीं, क्योंकि समाज में संविधान के प्रति जितनी जागरूकता होनी चाहिए, वो नहीं थी। इसके चलते कांग्रेस की इन कारगुजारियों के विरोध में जो आंदोलन खड़ा होना चाहिए था, वह नहीं हो सका। अंग्रेजों के रास्ते पर चलते हुए कांग्रेस पार्टी आज भी जातिगत जनगणना की बात कर रही है, क्योंकि वह समाज को जाति, मत और पंथ के नाम पर तोड़कर राज करना चाहती है। लेकिन कांग्रेस के लोगों को यह ध्यान रखना चाहिए कि देश अब बदल चुका है। देश के लोग बदल चुके हैं। अब इस देश के लोग ’सर्वे भवन्तु सुखिनाः, सर्वे सन्तु निरामयः’ के मंत्र को जपते हुए सभी के सुखी और संपन्न होने की कामना करते हैं।

 

विधायक रामेश्वर शर्मा ने कार्यक्रम काे संबाेधित करते हुए कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती और परिनिर्वाण दिवस पर उनकी प्रतिमा पर कई ऐसे लोग भी पुष्पांजलि करते हैं और यह जताते हैं कि वे बाबा साहब को सबसे ज्यादा सम्मान देते हैं। लेकिन उन्हें इस बात का ख्याल होना चाहिए कि उनके ही पूर्वजों ने बाबा साहब का अपमान करने के साथ चुनाव हराने का कार्य किया है। भारत के संविधान के प्रति सच्ची हितेषी अगर कोई राजनीतिक दल है तो वह भारतीय जनता पार्टी है। कांग्रेस पार्टी ने कभी संविधान दिवस को लेकर नहीं सोचा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का निर्णय लिया। भाजपा प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान को लेकर इस राष्ट्र के प्रति महापाप करने का काम किया है। संविधान के आधारभूत ढांचे को बदलने का काम कांग्रेस की सरकार ने किया है। संविधान के आधारभूत ढाचे में सेकुलर शब्द नहीं था, प्रस्तावना में सोशलिज्म शब्द नहीं था, समाजवाद नहीं था, लेकिन कांग्रेस ने संविधान के आधारभूत ढांचे में बदलाव कर देश की आत्मा से खिलवाड़ करने का काम किया। कांग्रेस पाटी ने देश में आपातकाल लगाकर और बार-बार चुनी हुई सरकारों को भी भंग करके लोकतंत्र की हत्या की है।

Kolar News 26 November 2024

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.