Advertisement
शिवपुरी। लोकसभा चुनाव में भाजपा को उत्तर प्रदेश में मिली कम सीटों पर पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की फायर ब्रांड नेत्री उमा भारती का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि जरूरी नहीं जो भाजपा को वोट नहीं दे, वह रामभक्त नहीं। हर रामभक्त भाजपा को वोट देगा, ऐसा अहंकार हमें नहीं पालना चाहिए।'
दरअसल उमा भारती शनिवार को ग्वालियर से भोपाल जाने के दौरान शिवपुरी में भाजपा नेताओं से मिलीं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी चर्चा की। उमा ने यूपी में लोकसभा में भाजपा को मिलीं कम सीटों पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि यूपी में निश्चित रूप से सीटें कम हुई हैं, यहां सामाजिक व्यवस्था अलग है। भाजपा समीक्षा करेगी। मैं भी अपना मत दूंगी।
उमा भारती ने कहा, पहले हिंदू समाज का मन समझना होगा। हिंदू समाज, समाज व्यवस्था और धर्म व्यवस्था को एक नहीं करता है। उधर, इस्लामिक समाज है जो समाज व्यवस्था और धर्म व्यवस्था को एक करके चलता है। उसी हिसाब से अपना वोट देता है, लेकिन हिंदू समाज सामाजिक व्यवस्था के अनुरूप वोट देता है। हालांकि ऐसा बिल्कुल नहीं है कि हिंदुओं की रामभक्ति कम हो गई है। वे रामभक्त तो हैं, लेकिन किसी कारणवश वोट भाजपा को नहीं देना चाहते हैं।
वहीं मप्र में सभी 29 सीटें भाजपा को मिलने पर पूर्व सीएम ने कहा, जब से मध्य प्रदेश बना है, तब से पहली बार हुआ है कि मोहन सरकार में भाजपा ने 29 में से 29 सीटें जीती हैं। इससे पहले जब वह सीएम थीं, तब सबसे ज्यादा 29 में से 25 सीटें जीती थीं। जीत का आंकड़ा बढ़ता ही गया और इस बार मोहन यादव प्रगति की ओर ले गए। इस बार 29 में से 29 सीटें भाजपा ने जीती हैं।
लोकसभा चुनाव में 400 सीट नहीं मिलने पर पूर्व सीएम ने कहा, उनकी इच्छा 500 पार की थी, लेकिन भगवान हर इच्छा पूरी नहीं करते हैं। इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आप को प्रधान सेवक कहा था। हम सबने अपने आप को मोदी का परिवार कहा था। इसके बावजूद मंशा अनुरूप सीटें नहीं आईं, इसकी समीक्षा भाजपा कर रही है। क्योंकि मैं समीक्षा करने वाली टीम में शामिल नहीं हूं। 400 की जगह 240 सीटें आने का कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा ही बता पाएंगे।
केंद्र में बिहार के सीएम नीतीश यादव और आंध्र के सीएम चंद्रबाबू नायडू के सहयोग से बनी सरकार पर पूर्व सीएम उमा भारती ने का कहना था कि केंद्र में सरकार चलाने में कोई परेशानी नहीं आने वाली है। नीतीश कुमार पहले से हमारे साथ रहे हैं और चंद्रबाबू नायडू पिछले समय में भी हमारे साथी थे। वह अटल जी के समय से हमारे साथ रहे हैं। यह कोई विजातीय तत्व नहीं है। उन्होंने पहले भी साथ काम किया है, अब भी कर रहे हैं।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |