Advertisement
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा सोमवार को पत्रकार वार्ता में भाजपा पर लगाए गए आरोपों को कांग्रेस की हताशा बताते हुए सभी आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस नेताओं की हताशा से यह स्पष्ट हो जाता है कि पार्टी ने लोकसभा चुनाव में परिणाम के पहले ही अपनी सुनिश्चित हार को स्वीकार कर लिया है और इस हार के लिए बहानों की तलाश शुरू कर दी है। लोकसभा चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त होने जा रहा है और पार्टी ने उसे बचाने की जद्दोजहद शुरू कर दी है।
सिसौदिया ने कहा कि भाजपा पर आरोप लगाने वाले कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को भाजपा पर आरोप लगाने से पहले 2018 के विधानसभा चुनाव और उसके बाद बनी कमलनाथ सरकार के कारनामों को याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक मशीनरी का किस तरह दुरुपयोग किया जा सकता है, इसकी मिसाल 15 महीनों की कमलनाथ सरकार ने प्रस्तुत की थी। वहीं, भाजपा पर वादे पूरे न करने का आरोप लगाने वाले इन नेताओं को यह भी याद रखना चाहिए कि 2018 में कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश के किसानों, महिलाओं, युवाओं और अन्य वर्गों से जो वादे किए थे, उनका क्या हश्र हुआ था। सिसौदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सरकार ने अपने 100 दिनों के कार्यकाल में ही अनेक घोषणाओं को पूरा कर दिया था और आचार संहिता हटने के बाद अन्य वादों की पूर्ति की दिशा में भी काम किया जाएगा।
यशपाल सिंह सिसौदिया ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति एक डूबते हुए जहाज की तरह है, जिसका कोई भविष्य नहीं है। इस स्थिति को भांपकर ही बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं और यह सिलसिला लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अभी तक अपनी हर हार का दोष ईवीएम को देती रही है, लेकिन माननीय सुप्रीम कोर्ट ने ईवीएम के संबंध में अपने आदेश से स्थिति स्पष्ट करके कांग्रेस से यह बहाना भी छीन लिया है। इसलिए कांग्रेस के नेता घबराए हुए हैं और अपनी सुनिश्चित हार को ढंकने के लिए भाजपा पर मनगढ़ंत आरोप लगाकर बहाने तलाश रहे हैं।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |