Advertisement
भोपाल समेत प्रदेशभर में ग्राम उदय से भारत उदय अभियान में इस बार महिलाओं की अहम भूमिका होगी। हर गांव में विशेष ग्राम सभा के साथ ही एक दिन महिला संसद का आयोजन किया जाएगा। इस महिला संसद में गांव की महिलाओं गांव की समस्याएं बताएंगी। इसके साथ ही महिलाएं गांव के विकास को लेकर सुझाव भी देंगी।
31 मई तक चलने वाले ग्राम उदय से भारत उदय अभियान को तीन चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में 3 अलग-अलग ग्राम सभाएं होंगी। दूसरे चरण में गांव के विकास के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जाएगा। तीसरे चरण में हितग्राही मूलक योजनाओं की स्थिति की समीक्षा के साथ-साथ लोगों को इसके लाभ बांटे जाएंगे। पहले चरण में एक दिन ग्राम पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध ग्रामीणों की एक विशेष ग्राम सभा होगी। दूसरे दिन गांव में महिला संसद होगी। तीसरे दिन किसान पंचायत होगी, जिसमें गांवों में खेती की स्थिति किसानों की आय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
कलेक्टर निशांत वरवड़े ने बताया कि भोपाल जिले में इस अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की नदियों की सफाई और उद्गार की योजना बनाई गई है। सभी 187 ग्राम पंचायतों को उनके क्षेत्र में मौजूद नदी, पोखर की सफाई और प्लांटेशन का प्लान बनाने को कहा गया है।
ग्राम उदय से भारत उदय अभियान का शुभारंभ बैरसिया तहसील के हर्राखेड़ा गांव से किया जाएगा। जिले के प्रभारी और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव शाम 4 बजे हर्राखेड़ा पहुंचेगे। इस अवसर पर मंत्री की मौजूदगी में ग्राम संसद आयोजित की जाएगी। कलेक्टर निशांत वरवड़े और जिला पंचायत सीईओ आशीष भार्गव भी हर्राखेड़ा की ग्राम सभा का हिस्सा बनेंगे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |