Video

Advertisement


कांग्रेस अब कपड़ा फाड़ कांग्रेस में बदल गईः शिवराज
bhopal, Congress , Congress Shivraj

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस की हालत अजब-गजब हो गई है। सोनिया कांग्रेस, खड़गे कांग्रेस बनी, फिर मध्यप्रदेश में कमलनाथ कांग्रेस हो गई। कमलनाथ ने तो क्या, उनके बेटे ने भी टिकट बांट दिए और जब टिकट को लेकर कोलाहल मचा, लोग कमलनाथ के पास पहुंचे तो कमलनाथ ने कहा, “कपड़े फाड़ना है तो दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह के फाड़ो।“तो वो कपड़ा फाड़ कांग्रेस हो गई, लेकिन अब कांग्रेस टिकट बदल कांग्रेस बन गई है। कांग्रेस ने घबराकर कई जगह टिकट बदल दिए हैं। अब देखते हैं कांग्रेस में आगे और क्या होने वाला है।

 

मुख्यमंत्री चौहान बुधवार को नरसिंहपुर में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, मुलताई में चंद्रशेखर देशमुख, टिमरनी में संजय शाह और होशंगाबाद में सीताशरण शर्मा के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नरसिंहपुर से भाजपा प्रत्याशी और केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल का नामांकन दाखिल कराया। उन्होंने नर्मदापुरम में रोड शो कर नरसिंहपुर, मुलताई और टिमरनी में विशाल चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की विकृत मानसिकता देखिए उन्हें कन्या पूजन नाटक-नौटंकी लगती है। बेटियों का पूजन दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के लिए नाटक-नौटंकी होगी, लेकिन मेरे लिए यह जीवित जागृत देवियां है। मैं हर कार्यक्रम से पहले कन्या पूजन करता हूं और करता रहूंगा।

 

सनातन धर्म का अपमान करने वाले प्रदेश का भला नहीं कर सकते

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की विकृत मानसिकता देखकर मुझे वह प्रसंग याद आता है जब सीता का हरण हुआ तो उन्होंने हरण होते समय अपने गले से मोती की माला नीचे फेंक दी थी, ताकि पता चल जाए कि रावण उन्हें किस दिशा में ले गया। जब भगवान राम पहुंचे तो मोती बिखरे हुए मिले। उन्होंने लक्ष्मण से पूछा, ये मोती सीता की माला के है..? तब लक्ष्मण जी ने उत्तर दिया, भैया मैंने तो सीता मैया का चेहरा, गला कभी देखा ही नहीं, मैंने तो केवल उनके चरण देखे, इसलिए मुझे पता नहीं है। यह भाव भारत का है और यही भाव शिवराज सिंह चौहान का है, कि हमने तो अपनी बहनों के पांव देखे हैं। दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ये माताओ-बहनों को आइटम और टंचमाल कहने वाले, इनकी हैसियत है कि हमसे आंखें मिलाकर बात कर सकें। भारत की संस्कृति, परंपराओं और सनातन धर्म का अपमान करने वाले लोग कभी देश और प्रदेश का भला नहीं कर सकते।

बहनों की जिंदगी बदलने का महायज्ञ है, लाड़ली बहना योजना

मुख्यमंत्री चौहान ने लाड़ली बहनों से संवाद करते हुए कहा कि यह लाड़ली बहना योजना बहनों की जिंदगी बदलने का महायज्ञ है। स्थानीय निकाय चुनाव में महिलाओं को हमने 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। पुलिस में 30 प्रतिशत भर्तियां बेटियों की हो रही है। लोकसभा, विधानसभा में बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण मिला। ये योजनाएं नहीं है महिला सशक्तिकरण है, बहनों की जिंदगी बदलने का अभियान है। मैं सरकार नहीं परिवार चलाता हूं, और परिवार की सेवा करना ही भाजपा का लक्ष्य है।

 

प्रदेश को पहले नंबर का राज्य बनाएंगे

उन्होंने कहा कि, मध्यप्रदेश की धरती को अगर किसी ने विकास किया है तो केवल भाजपा सरकार ने किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि, भारत में जी-20 बैठक हो रही है, भारत चांद पर पहुंच गया और अनेकों उपलब्धियां हैं। शक्तिशाली भारत का निर्माण प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रहा है। उन्होंने कहा कि, मध्यप्रदेश अब पिछड़ा नहीं है, मध्यप्रदेश अब बीमारू भी नहीं है। मध्यप्रदेश को विकसित प्रांतों की कतार में ले जाकर खड़ा कर दिया है। हमारा संकल्प है कि, अब मध्यप्रदेश को हिंदुस्तान का नं-1 राज्य बनाकर रहेंगे।

भाजपा विकास का रिकॉर्ड बनाएगी

चौहान ने विशाल चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को भाजपा की विजय का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि आप जीत का रिकॉर्ड बनाइए और भाजपा विकास का रिकॉर्ड बनाएगी। वहीं, जीत का संकल्प दिलाते हुए कहा कि, 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में, कंधे से कंधा मिलाकर कमल के फूल पर वोट डालकर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे। हम संकल्प लेते हैं कि, भाजपा की सरकार ने हमारी माताओं, बहनों, बेटियों, किसानों, युवाओं, गरीबों के कल्याण एवं प्रदेश के विकास के लिए जो काम किए हैं उन्हें जन-जन तक पहुंचाएंगे और भाजपा की सरकार फिर से बनाएंगे। साथ ही साल 2024 में लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी को जीताएंगे और मोदी को भारत का प्रधानमंत्री बनाएंगे।

Kolar News 26 October 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.