Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को अपना वचन पत्र (घोषणा पत्र) जारी कर दिया है। इसमें प्रदेशवासियों को 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन और युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने, 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा, 10 लाख दुर्घटना बीमा समेत कई वादे किए गए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के वचन पत्र को झूठे वचनों का पुलिंदा बताया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि कांग्रेस फिर झूठे वचनों का पुलिंदा लेकर आई है, लेकिन सच तो यह है कि भाजपा के जनकल्याण और विकास के आगे कांग्रेसियों के झूठ वचन और वादे नहीं टिकेंगे। जनता इन्हें जवाब देगी। भाजपा फिर जीतेगी और भरपूर बहुमत से जीतेगी, क्योंकि हम जो कहते हैं, वो करते हैं। भाजपा सरकार ने विकास किया है, आगे भी विकास करेगी।
उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का महाझूठ पत्र है। पांच साल पहले भी उन्होंने 900 से ज्यादा वचन दिए थे, जिसमें से नौ वचन भी पूरे नहीं किए। आज तक लोग तरस रहे हैं। प्रदेश के नौजवान पूछ रहे हैं कि 4000 रुपये बेरोजगारी भत्ता कब मिलेगा। समर्थन मूल्य पर बोनस कब मिलेगा, समूहों का कर्जा कब माफ होगा। उन्होंने एक नहीं अनेक वचन दिए थे, सारे के सारे झूठे निकले और आज फिर महाझूठ पत्र प्रस्तुत कर दिया।
कांग्रेस का वचन पत्र झूठ का पुलिंदा
केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने भी कांग्रेस के घोषणा पत्र पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 'कांग्रेस का वचनपत्र झूठ का पुलिंदा है। पहले भी वे किसानों, बेरोज़गार युवाओं को लेकर वादा कर चुके हैं लेकिन उन्होंने उसे पूरा नहीं किया। उनके वचनपत्र को मध्य प्रदेश की जनता झूठ ही मानेगी।
वहीं, केंद्रीय मंत्री जल शक्ति राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 'कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद जो इस्तीफों की झड़ी लगी थी, उसे भूलाने के लिए यह वचन पत्र आया है। यह झूठ का पुलिंदा है। यह भ्रम फैलाने की कोशिश है, यह लालच की राजनीति है। परिवारवाद और तुष्टिकरण उनकी सूची में और लालच और भ्रम उनके घोषणापत्र में है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |