Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारत में हिंदू विरोधी मानसिकता के ब्रांड एंबेसडर दिग्विजय सिंह ने दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर जिस प्रकार ट्वीट किया है, यह उनकी देश विरोधी के साथ सनातन विरोधी मानसिकता को प्रदर्शित करता है। इस देश में रावण कौन है और श्रीराम कौन है, यह देश की 140 करोड़ जनता ने तय किया है। भगवान श्रीराम के अनुरूप प्रधानमंत्री मोदी सुशासन के साथ काम कर हैं, लेकिन दुर्भाग्य है कि दिग्विजय जैसे लोग उनका विरोध कर अपनी हिन्दू विरोधी मानसिकता का प्रकटीकरण करते हैं। त्रेता युग में श्रीराम का विरोध रावण ने किया, कलियुग में श्रीराम के अस्तित्व को कांग्रेस ने नकारा, ऐसे में स्पष्ट है कि रावण कौन है।
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा रविवार को भोपाल में भाजपा मीडिया सेंटर में पत्रकार वार्ता में कहा कि जो सनातन विरोधी मानसिकता के लोग हैं, उन्हें राम में रावण दिखेंगे और श्रीकृष्ण में कंस। जो लोग हमेशा से सनातन विरोधी मानसिकता वाले रहे हैं, जिन्हें हिन्दुओं से घृणा है, ऐसे लोग सनातन से जुड़े मामलों पर अपनी जुबान बंद ही रखें। शर्मा ने कहा कि मिस्टर बंटाढ़ार दिग्विजय सिंह ने ही हिन्दू आतंकवाद के मिथक को जन्म दिया है और प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को नकारा था। ये हमेशा हिन्दुत्व को नीचा दिखाने वाले लोग हैं। गुजरात के विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी को रावण कहा था, जिसका गुजरात की जनता जवाब दे चुकी है। समूचा देश जानता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने सनातन के स्वाभिमान को पुनः जागृत किया है। भव्य राम मंदिर का निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है, काशी कोरिडोर, महाकाल लोक की भव्यता को कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। इसलिए आए दिन कांग्रेस के बड़बोले नेता प्रधानमंत्री मोदी की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। मोदी विरोध में अंधा विपक्ष देश का भी विरोध करने से पीछे नहीं हटता।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों के जीवन को बदलने का काम किया है। भाजपा महिला सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है। कांग्रेस शासनकाल में महिला उत्पीड़न अधिक रहा है। दिग्विजय सिंह, आपके मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल में महिलाओं के साथ ऐसे अपराध हुए हैं कि आप जवाब नहीं दे पाएंगे।
शर्मा ने कहा कि यह वही कांग्रेस है, जिसने सर्वोच्च न्यायालय में शपथ-पत्र प्रस्तुत कर प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को नकारा था। हमें गर्व है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ। कांग्रेस कहती थी कि मंदिर बनाने का नारा लगाने वाले तारीख नहीं बताते हैं। मैं उन लोगों से कहना चाहता हूं कि आगामी 24 जनवरी को करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का उद्घाटन होने जा रहा है।
भाजपा-कांग्रेस के बीच रावण पर ऐसे छिड़ा युद्ध
मामले की शुरुआत भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल से की गई एक पोस्ट से हुई। भाजपा ने पोस्ट करते हुए राहुल गांधी को आधुनिक युग का ‘रावण’ बताया था। इसके जवाब में रविवार को दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी का एक पोस्टर जारी किया, जिसमें लिखा कि ‘राहुल गांधी के वास्तव में 7 मानवीय गुणों वाले चेहरे हैं। रही बात रावण की तो समूचे देश को ये मालूम है कि रावण के 7 नहीं 10 सिर थे और आज की तारीख में वह अहंकारी दशानन कौन है? यह सब जानते हैं। इसी के जवाब में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने दिग्विजय पर पलटवार किया है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |