Advertisement
शिवपुरी। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहल भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पार्टी से नाराज चल रहे शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा से विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने पार्टी के समस्त पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने गुरुवार को शिवपुरी स्थित अपने निज निवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी पुष्टि की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को संबोधित इस्तीफे में विधायक रघुवंशी ने लिखा है कि आज भारी मन से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता एवं विशेष आमंत्रित सदस्य प्रदेश कार्यसमिति के पद से मैं अपना इस्तीफा दे रहा हूं। पिछले 3 साल से कई बार अपनी पीड़ा मुख्यमंत्री और शीर्ष नेतृत्व के सामने रखी, पर आप सभी ने कभी ध्यान नहीं दिया। विधायक रघुवंशी ने पार्टी छोड़ने की घोषणा के साथ ही कई आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है। विधायक ने कहा कि विधायक दल पार्टी की बैठकों में प्रदेश हित के मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं करना चाहता, बल्कि भ्रष्ट मंत्रियों का बचाव अवश्य करते हैं। मैं जनसेवक हूं, ऐसे वातावरण में घुटन महसूस कर रहा हूं और आहत हूं। विधायक रघुवंशी ने अधिकारियों की पोस्टिंग को लेकर भी नाराजगी जताई है।
सिंधिया गुट पर लगाए आरोप
वीरेन्द्र रघुवंशी ने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत उनके साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए नेताओं पर कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सिंधिया के आने के बाद भाजपा की रीति-नीति ही बदल गई है। ग्वालियर-चंबल में मूल कार्यकर्ताओं को कुचला जा रहा है। सिंधिया जी ने यह कहकर कांग्रेस की सरकार गिराई थी कि किसानों का 2 लाख का कर्ज माफ नहीं किया जा रहा, पर भाजपा की सरकार बनने के बाद सिंधिया जी ने किसान कर्ज माफी करना तो दूर आज दिन तक कर्जमाफी की बात तक नहीं की। वीरेंद्र का यह भी आरोप है कि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न तोमर और प्रभारी मंत्री महेंद्र सिसोदिया विकास में बाधक बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे भूमि पूजन तक नहीं करने दिया जा रहा है। पूरी ताकत से सिंधिया के मंत्री विकास कार्यों को क्षति पहुंचा रहे हैं। इन लोगों ने मुझ पर फर्जी एफआईआर करने का भी पूरा प्रयास किया।
बता दें कि वीरेन्द्र रघुवंशी साल 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया से नाराजगी के चलते कांग्रेस छोड़ी थी। भाजपा से इस्तीफा देने के बाद अब उनका अगला कदम क्या होगा इस बारे में कोई संकेत नहीं दिए हैं। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि वे भविष्य में कांग्रेस का दामन थाम सकते है और अब वे शिवपुरी से यशोधरा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |