Advertisement
रायसेन/भोपाल। जिले के उदयपुरा-बरेली विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके भाजपा नेता भगवत सिंह पटेल की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। गुरुवार रात को वे बाथरूम गए थे, जहां वे मृत अवस्था में मिले। शुक्रवार दोपहर को जब उनकी अंत्येष्टि की तैयारी चल रही थी, तब उनकी बेटियों ने शरीर पर चोट के निशान देखे और आपत्ति जताई। मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची। मौके पर पुलिस अधीक्षक विकास शहवाल भी पहुंचे। बेटियों की आपत्ति के बाद पुलिस ने शु्क्रवार शाम को पूर्व विधायक का पोस्टमार्टम कराया।
87 वर्षीय पूर्व विधायक भगवत सिंह पटेल तीन बार से भाजपा के टिकट पर विधायक रहे चुके थे। उदयपुरा बरेली विधानसभा क्षेत्र से 1990 में चुनाव जीतकर वे विधायक बने थे। उन्होंने इसी विधानसभा क्षेत्र से तीन बार चुनाव जीता और विधायक बने। वे किरार समाज संगठन से भी जुड़े थे और समाज संगठन के लिए काम करते थे। उनकी चार पुत्रियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। वह घर में अकेले ही रहते थे। उनकी देखभाल के लिए दो नौकर साथ में रहते थे। पिता की मौत की खबर सुनकर जब बेटियां ससुराल से आईं, इसी दौरान उन्होंने उनके गले में गोली लगने जैसे निशान देखे। बताया जा रहा है कि घर से एक लाइसेंसी बंदूक और कुछ रुपये भी गायब है।
शुक्रवार सुबह जैसे ही लोगों को जानकारी लगी कि क्षेत्र के कद्दावर नेता भाजपा नेता पूर्व विधायक भगवत सिंह पटेल (87) की गुरुवार की रात में मौत हो गई, तो सभी लोग स्तब्ध रह गए। उनके परिजनों और रिश्तेदारों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली, इसमें अंतिम संस्कार दोपहर एक बजे नगर के मुक्तिधाम में करने की बात लिखी। जानकारी लगते ही सैकड़ों की संख्या में लोग उनके निवास पर पहुंच गए। यहां अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी कि इसी दौरान परिजनों को उनके अंतिम स्नान के दौरान सर में खून जमा पाया। गर्दन में एक छेद दिखा जो कि नीचे से ऊपर की ओर जाता हुआ दिखाई दे रहा था।
मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। मौके पर नर्मदापुरम जिले से फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई है। हालांकि पुलिस अधीक्षक विकास शहवाल ने साफ किया है कि पूर्व विधायक की मौत गोली लगने से नहीं हुई है। एफएसएल टीम ने भी जांच में साफ किया है कि गोली नहीं चली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वे अकेले रहते थे और बाथरूम में गिरे हैं, जिससे उनको यह चोट लगने की आशंका है। पूरी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। पता किया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई।
भगवत सिंह के भतीजे ठाकुर सिंह ने बताया कि सुबह पांच बजे चाचा के साथ रह रहे कर्मचारी का फोन हमारे जीजा के पास आया। उसने बताया कि विधायक गिर गए हैं। इस फोन के बाद ठाकुर सिंह ने भगवत सिंह की तीनों बेटियों को सूचना दी। परिजन पहुंचने से पहले ही भगवत सिंह पटेल का निधन हो चुका था।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |