Advertisement
भोपाल। भोपाल में प्याज की फसल के सही दाम न मिलने और कर्ज में डूबे किसान की खुदकुशी को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में किसान परेशान हैं और लगातार खुदकुशी कर रहे हैं। प्रदेश की सरकार लगातार किसान हितैषी होने और किसानों की आय दोगुनी होने का दावा करती है मगर सच्चाई ये है कि प्रदेश में किसानों की आय दोगुनी नहीं बल्कि उनकी लागत और मेहनत दोगुनी हो गई है।
रानी अग्रवाल ने शुक्रवार को अपने बयान में कहा कि मध्य प्रदेश में किसान फसलों के सही दाम न मिल पाने के कारण परेशान हैं। प्रदेश के प्याज किसान आज आंसू बहा रहा है। मंदसौर, नीमच, भोपाल समेत प्याज उत्पादक जिलों के किसान प्याज के सही दाम न मिलने के कारण परेशान हैं। मंडी में किसानों का प्याज 60 पैसे प्रति किलोग्राम के रेट पर खरीदा जा रहा है। किसानों का मंडी तक प्याज लाने का भाड़ा भी नहीं निकल पा रहा है जिसके कारण किसान मंडी में ही प्याज फेंकने को मजबूर है।
रानी अग्रवाल ने कहा कि भोपाल में प्याज के सही दाम न मिलने के कारण एक किसान ने खुदकुशी कर ली। किसान पर कर्ज था और उसे प्याज की फसल से उम्मीद थी लेकिन प्याज के सही दाम न मिलने के कारण उसकी उम्मीद के साथ जिंदगी की डोर भी टूट गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान की हालत बेहद दयनीय है। किसानों का पैसा किसानों को नहीं मिल रहा है। राहत राशि में फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। अफसर और पटवारी अपने खातों में किसानों की राहत राशि का पैसा ट्रांसफर कर रहे हैं।
आप प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में किसान लगातार खुदकुशी कर रहे हैं लेकिन सरकार किसानों के लिए कुछ नहीं कर रही है। प्रदेश की भाजपा सरकार केवल हवा-हवाई दावे और बातें करती हैं लेकिन किसानों के लिए जमीन पर कोई काम नहीं होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करती थी। आय दोगुनी होने का दावा बड़े दंभ से भाजपा सरकार अब भी करती है लेकिन किसानों की खुदकुशी के आंकड़े भाजपा सरकार के दावों की पोल खोलते हैं। भाजपा सरकार किसान विरोधी सरकार है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |