Advertisement
भोपाल। बजरंग सेना का कांग्रेस पार्टी में विलय हो गया है। मंगलवार को बजरंग सेना के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों सहित हजारों की संख्या में भगवा ध्वज के साथ एक भव्य रैली के रूप में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। यहां बजरंग सेना के पदाधिकारियों और हजारों समर्थकों का प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनाें ने स्वागत किया।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक समारोह के दौरान वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री दीपक जोशी के नेतृत्व में बजरंग सेना का कांग्रेस पार्टी में विलय हुआ। बजरंग सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनीश पटेरिया, संयोजक रघुनंदन शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष अम्बरिस राय, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र ठाकुर सहित हजारों की संख्या में बजरंग दल के सदस्यों का कांग्रेस में विलय हुआ। बजरंग सेना के पदाधिकारियों ने कमलनाथ को गदा और स्मृति चिन्ह भेंट कर जयश्री राम के नारे के साथ प्रदेश से भाजपा को ध्वस्त करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सीहोर की जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बरैठा, भूपेन्द्र सिंह, राम शंकर मिश्रा और अरूण पाठक ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कमलनाथ ने इस अवसर पर जयश्रीराम का उद्घोष करते हुए बजरंग सेना का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिवराज जी को अब बहनों की, नौजवानों की और कर्मचारियों की याद आने लगी है, अब तक 20 हजार से ज्यादा घोषणाएं वे कर चुके हैं, जिनका जमीन पर कोई अता-पता नहीं है। कांग्रेस पार्टी का इतिहास हमेशा से भारत की संस्कृति और संविधान के साथ चलने का रहा है। मुझे आप सभी पर पूरा विश्वास है कि आप मप्र का भविष्य सुरक्षित रखेंगे।
श्री पटेरिया ने कांग्रेस में विलय पर कहा कि सभी पदाधिकारी और हजारों की संख्या में प्रदेश भर से आये कार्यकर्ताओं ने कमलनाथ जी की भावनाओं और कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को अपनाया है, हम सभी विश्वास दिलाते हैं कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की छल-कपट, धोखे और फरेब की सरकार को जमीदोज कर कमलनाथ जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने के लिए दृढ़संकल्पित है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |