Advertisement
जबलपुर।पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव आज गुरुवार को नगर प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश में हर तरफ अराजकता का माहौल है। कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं, आम आदमी परेशान है। उन्होंने यह भी कहा कि अगला विधानसभा चुनाव कांग्रेस कमलनाथ के नेतृत्व में ही लड़ेगी।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व कैबनेट मंत्री अरुण यादव ने आज गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि कांग्रेस की लाइन साफ है, वो घोषणा नहीं संकल्प के आधार पर काम करती है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 2020 में जहां तक काम किए थे वहीं से आगे पारी शुरू करेगी। उन योजनाओं को फिर लागू किया जाएगा जो मौजूदा सरकार ने बंद कर दी हैं। कांग्रेस के संकल्प पत्र में आँगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं सहित जीआरएस को नियमित करना शामिल रहेगा।
अरुण यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन की मांग सरकारी कर्मचारियों की सबसे दुखती रग है, उनकी इस मांग पर भी हाथ रखने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो वो ओपीएस को लागू करेगी। ओबीसी आरक्षण के मसले पर भाजपा पर निशाना साधते हुए यादव ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ही ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव पास किया था, लेकिन उस वक्त भाजपा के लोगों ने ही न्यायालय में जाकर रोड़े अटकाने का प्रयास किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से सवाल पूछा कि जातिगत जनगणना कराने में उन्हें क्या आपत्ति है? हमारा मानना है कि जिसकी जितनी आबादी है, उसे उतना आरक्षण मिलना चाहिए। अरुण यादव की पत्रकारवार्ता के दौरान विधायक तरुण भनोत, विनय सक्सेना व संजय यादव, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित, आलोक मिश्रा, रमेश चौधरी, मनोज सेठ सहित अनेक कांग्रेस जन मौजूद रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |