Advertisement
मऊगंज, रीवा से BJP विधायक प्रदीप पटेल के विधायक विश्राम गृह भोपाल से बैग चोरी हो गया। बैग सीएम हाउस में सोशल मीडिया सेल में काम करने वाले कर्मचारी का है। वह विधायक के गृह क्षेत्र का है। घटना के समय विधायक पटेल विधायक विश्राम गृह पर ही थे। बैग में चार मोबाइल, लैपटाॅप रखा था। विश्राम गृह में सीसीटीवी नहीं होने से बदमाश की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस विधायक विश्राम गृह में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के दावे करती है। घटना के बाद से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।जानकारी के मुताबिक ठठीहरा थाना हनुमना जिला रीवा निवासी अमित द्विवेदी (35) पिता राम द्विवेदी सीएम हाउस में सोशल मीडिया सेल में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि भोपाल में वह विधायक विश्राम गृह खंड क्रमांक 3 के कक्ष-75 में रहते हैं। यह कक्ष मऊगंज से बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल को आवंटित है। 19 अप्रैल को ऑफिस से शाम 7 बजे विधायक विश्राम गृह आया। आने के बाद ताला खोलने के लिए बैग को दरवाजे के साइड में रखी कुर्सी पर रख दिया। दरवाजा खोलकर अंदर चला गया। बैग को अंदर ले जाना भूल गया। रात करीब 9 बजे याद आया, तो बाहर जाकर देखा तो बैग गायब था। आसपास पूछा लेकिन कहीं पता नहीं चला। बैग में चार मोबाइल, एक लैपटॉप, पर्स, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैनकार्ड, सीएम हाउस आईडी कार्ड, चार्जर समेत अन्य सामान था।अमित द्विवेदी ने बताया कि घटना के समय विधायक प्रदीप पटेल भी विश्राम गृह में ही थे। उनके साथ अन्य कार्यकर्ता भी थे। अमित ने बताया कि विश्राम गृह में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। ऐसे में चोर का पता नहीं चल सका है। इधर, पुलिस भी घटना के 6 दिन बाद भी खाली हाथ है। बता दें कि मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल वर्ष 2018 में विधानसभा चुनाव जीतकर 15वीं विधानसभा के सदस्य बने। इसके पहले वे मप्र राज्य पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं। प्रदीप पटेल पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री रामखेलावन पटेल के सगे साढ़ू हैं। भाजपा में आने से पहले दोनों बहुजन समाज पार्टी से जुड़े रहे हैं। विधानसभा का चुनाव भी बहुजन समाज पार्टी की टिकट पर लड़ चुके हैं।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |