Advertisement
भोपाल। रामनवमी के जुलूसों पर हुए पथराव और इसके बाद हुए दंगों को लेकर दिग्विजयसिंह की ट्वीट पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है। पार्टी के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने एक वीडियो जारी करके कहा है कि दिग्विजयसिंह तुष्टिकरण के लिए कितना नीचे गिरेंगे?
पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, सहित अलग-अलग राज्यों में राम नवमी पर हुए दंगों और यूपी के प्रयागराज में ईद पर हुए पथराव को लेकर एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है-यदि आप देखें तो रामनवमी के जुलूस पर सभी प्रदेशों में घटना एक प्रकार की ही थी। जुलूस पर पत्थर फेंका गया और पत्थरबाज़ी शुरू। दंगा भड़क गया। यह पत्थरबाज़ी कौन करता है? पता नहीं। लेकिन पकड़े जाते हैं एक ही वर्ग के निर्दोष बच्चे।
दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट पर बीजेपी प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने पलटवार किया है। सलूजा ने वीडियो जारी कर कहा है कि रामनवमीं के दिन पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली में दंगे होते हैं। यूपी के कई शहरों में तनावपूर्ण स्थिति की खबरें सामने आतीं हैं। बड़े शर्म की बात है कि कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह का एक ट्वीट सामने आता है जिसमें वो लिखते हैं कि रामनवमीं के दिन पत्थरबाजी होती है और कई निर्दोष बच्चे एक ही वर्ग के पकड़े जाते हैं। जो लोग पत्थरबाजी करते हैं, दंगे भड़काते हैं, उनको वो निर्दोष बता रहे हैं। पता नहीं दिग्विजय सिंह और कांग्रेस तुष्टिकरण के लिए किस हद तक जाएंगे।
सलूजा ने कहा कि इससे पहले दिग्विजय सिंह मुस्लिमों की घटती जनसंख्या पर सवाल उठा चुके हैं। भगवा आतंकवाद की बात कह चुके हैं। बाटला हाउस एनकाउंटर पर विवादास्पद बयान दे चुके हैं। दिग्विजय सिंह का ये ट्वीट बेहद आपत्तिजनक है। वो पत्थरबाजों और दंगा करने वालों को निर्दोष बता रहे हैं। समझा जा सकता है कि एक वर्ग के तुष्टिकरण के चलते बहुसंख्यक वर्ग को कोसने और उनका मजाक उड़ाने का काम करते हैं। दंगाईयों और पत्थरबाजों को संरक्षण देते हैं। ये दिग्विजय सिंह के ट्वीट से समझ आता है। सलूजा ने कहा है कि ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व को स्थिति स्पष्ट करना चाहिए।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |