Advertisement
भोपाल। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मधुकर राव हर्णें का शुक्रवार रात निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। शु्क्रवार रात करीब 9.30 बजे उन्होंने एक निजी अस्पताल में अंतिम सांसें लीं। वे होशंगाबाद विधानसभा से तीन बार विधायक रहे।मधुकर राव हर्णे के निधन से समूचे नर्मदांचल में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर गहरा दु़ख जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर पूर्व मंत्री हर्णे के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री दादा मधुकर राव हर्णे जी के रूप में मध्यप्रदेश ने अपने एक अमूल्य रत्न को खो दिया। उनका सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा और समाज के कल्याण के लिए समर्पित था। जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी को नर्मदापुरम संभाग में स्थापित करने में उनका अतुलनीय योगदान था। एक अन्य ट्वीट कर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि दादा बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे, देशभक्ति के गीत जब वह गाते , तो लोग जोश से भर जाते । आज भी उनके गाये गीत प्रेरणा देते हैं और उनकी वो हँसी आज भी हृदय में बसी है, जो किसी भी माहौल को प्रेम से भर देती थी, अब ये हँसी हमसे दूर चली गयी है। दादा मधुकर राव हर्णे जी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा। इस दुखद परिस्थिति में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।
बता दें कि मधुकर राव हर्णे नर्मदापुरम इलाके के वरिष्ठतम भाजपा नेताओं में शुमार थे। वे छात्र जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयं संघ से जुड़ गए थे। वे मीसाबंदी भी थे। बाद में वे जनपद अध्यक्ष और फिर बीजेपी से विधायक व मंत्री भी बने। सुंदरलाल पटवा की सरकार में वे राजस्व विभाग के राज्य मंत्री रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी बाजपेई से भी उनके दोस्ताना संबंध रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |