Advertisement
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। शहर में रखे गए कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर महान विधिवेत्ता, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक थे। उन्होंने सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान चलाया और वंचित वर्गों को समाज की मुख्य धारा में जोड़ने के लिए संघर्ष किया।स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. चौधरी ने कहा कि समाज में स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व होना जरूरी है। सभी डॉ. अंबेडकर के पद चिन्हों, उनके आदर्शों पर चलकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करें। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने अपना पूरा जीवन समाज को शिक्षित और सक्षम बनाने के लिए समर्पित कर दिया। बाबा साहेब ने सर्व समाज के उत्थान के लिए काम किया। सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनका सपना था कि गरीब से गरीब व्यक्ति को मुख्य धारा से जोडा जाए, तभी सही मायने में देश तरक्की की राह पर अग्रसर होगा।सरकार द्वारा अजा और जजा वर्ग के कल्याण और विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सागर में 100 करोड़ रुपए की लागत से संत रविदास का मंदिर बनवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा ही हैं। अब मुख्यमंत्री चौहान द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना शुरू की गई है, जिसमें पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक-एक हजार रुपए मिलेंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष सविता जमनासेन, कलेक्टर अरविंद दुबे एवं एसपी विकास शहवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने सांची स्थित बस स्टैंड परिसर में आयोजित डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि शिक्षा विकास की पहली सीढ़ी है। शिक्षा के बिना किसी समाज, देश या व्यक्ति का उत्थान संभव नहीं है। डॉ. अंबेडकर ने शिक्षित होने का मूल मंत्र दिया। उन्होंने देश के लिए एक समृद्ध और उत्तम संविधान की रचना की। सभी बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिले, तकनीकी ज्ञान मिले, इसके लिए सरकार द्वारा सीएम राइज स्कूल खोले जा रहे हैं। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब तबके के बच्चों को शिक्षा मिलेगी।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |