Advertisement
13 मार्च को मप्र कांग्रेस कमेटी कमलनाथ के नेतृत्व में राजभवन का घेराव करेगी। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को बढ़ती मंहगाई और उद्योगपति अड़ाणी के मुद्दे पर राजभवन का घेराव करने की बात कही है। कांग्रेस के इस आंदोलन के पहले बीजेपी ने इस मुद्दे पर कमलनाथ को घेरना शुरु कर दिया है। भोपाल में गृहमंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के राजभवन घेराव के कार्यक्रम को लेकर तंज कसा है।गृहमंत्री ने कहा मैंने भी सुना है। कांग्रेस कोई प्रदर्शन करने जा रही है। ट़्विटर, फेसबुक, व्हाट्सएप पर चल रहा है। कांग्रेस इसको लेकर कितनी गंभीर है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके प्रदेश अध्यक्ष चार दिन से दुबई में बैठकर इसकी तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस के सभी आंदोलनों का जो हश्र हुआ है इसका भी वही हाल होगा।सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा वो प्रदेश के बाहर हैं या देश के बाहर हैं। लेकिन ट्विटर की चिडिया उनकी उड़ती रहती है। अब कांग्रेस ये विश्लेषण करे कि उनके राष्ट्रीय नेता देश के बाहर जाकर ज्यादा बात करते हैं। और जो प्रदेश के नेता हैं मुझे पता नहीं कि वो देश के बाहर हैं। लेकिन कौन कहां हैं और क्या कर रहा है ये कांग्रेस खुद सोचे..कांग्रेस के संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा उद्योगपति गौतम अडानी के पक्ष में अपनायी गई क्रोनी कैपीटलिज्म की नीति से गहराये उत्पन्न आर्थिक संकट से गरीब और मध्यम वर्ग के करोड़ों भारतीयों की बचत जोखिम में तब्दील हो गई है। देश में बेहताशा बढ़ती हुई महंगाई, प्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी, तनावग्रस्त किसान, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग और महिलाआें पर हो रहे निरंतर अत्याचार, बलात्कार-सामूहिक बलात्कार और उसके बाद उनकी निर्मम हत्याओं, ध्वस्त कानून व्यवस्था, लूट, डकैती सहित भाजपा सरकार की गलत नीतियां के कारण आमजन परेशान है। भाजपा और संघ विचारधारा संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग और उनकी छवि धूमिल करने पर आमादा है। लिहाजा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उक्त घेराव-विशाल मार्च आयोजित किया जा रहा है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |