Advertisement
मध्यप्रदेश में सत्ता की 5वीं पारी खेलने के लिए बीजेपी ने सत्ता और संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी है। शिवराज सरकार की महत्वकांक्षी 'लाडली बहना' योजना की लॉन्चिंग से पहले पार्टी संगठन ने मंत्रियों की क्लास ली। बीजेपी ने मंत्रियों को 8 पाइंट में सख्त हिदायत दी। उन्हें कहा गया कि संगठन के कामों को प्राथमिकता दें।रविवार सुबह बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में हुई मंत्रियों की इस बैठक में खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा भी मीटिंग में शामिल हुए।मंत्रियों को बीजेपी संगठन की तरफ से साफ कहा गया है कि यदि हम सरकार में हैं, तो संगठन और कार्यकर्ताओं की वजह से और इसी कारण से आप मंत्री हैं, इसलिए संगठन के कामों को प्राथमिकता दें। पार्टी जो भी कार्यक्रम निर्धारित करे, उन्हें गंभीरता पूर्वक समयबद्ध तरीके से पूरा करें। किसी भी हालत में कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने की कोशिश करें। कार्यकर्ताओं का संतुष्ट होना बहुत जरूरी है। जो मंत्री संगठन के कामों में गंभीरता नहीं दिखाएंगे, आगे स्वयं उत्तरदायी होंगे।नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने बताया कि बैठक में सार्थक चर्चा हुई है। मंत्रियों ने अपने प्रभार के जिलों के प्रवास की जानकारी दी है। सभी मंत्रियों को प्रभार के जिलों में प्रवास बढ़ाने को कहा गया है। कई मंत्री ऐसे हैं जिन्होंने अपने प्रभार के जिलों की दूरी ज्यादा होने की परेशानी बताई है। मंत्रियों के अनुरोध पर जल्द ही प्रभार के जिलों में बदलाव भी किया जाएगा।सीएम शिवराज सिंह ने प्रदेश भाजपा कार्यालय के गार्डन में मंत्रियों के साथ पौधारोपण किया। इससे पहले बैठक में पार्टी संगठन के पदाधिकारियों और मंत्रियों ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को जन्मदिन की बधाई भी दी। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सीएम शिवराज सिंह को तिलक लगाया, उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट किया।बीजेपी दफ्तर में हुई बैठक में सीनियर नेताओं को एडजस्ट करने पर भी चर्चा हुई। प्रदेश के खाली पड़े निगम-मंडल, बोर्ड में नेताओं को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य नियुक्त करने पर भी चर्चा हुई है। संभवत: विधानसभा सत्र खत्म होते ही इनकी लिस्ट भी जारी हो सकती है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |