Advertisement
बावड़िया कलां, शाहपुरा स्थित सुरेंद्र रेसीडेंसी में लिफ्ट गिरने से 2 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। गनीमत यह रही कि उनके साथ मौजूद बच्चे बाल-बाल बच गए, उन्हें खरोंच तक नहीं आई। घायलों का गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के दौरान सभी पांचवीं मंजिल से नीचे ग्राउंड फ्लोर उतर रहे थे। इसे गिरजा कंस्ट्रक्शन के आदर्श मल्होत्रा और विवेक मल्होत्रा ने वर्ष 2011 में तैयार किया था। निर्माण को लेकर रहवासी नगर निगम और जिला प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री तक से शिकायत कर चुके हैं।
शाहपुरा टीआई जितेंद्र पटेल के अनुसार शिवाजी नगर निवासी प्रभा खत्री पति एसपी खत्री राज्य शिक्षा केंद्र में पदस्थ हैं। उनके पति एसबीआई से रिटायर्ड हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले ही यहां फ्लैट खरीदा था, लेकिन उनका परिवार इसमें अभी शिफ्ट नहीं हुआ था। वह रविवार शाम को 7 स्टॉप नंबर, हबीबगंज निवासी अपनी सहेली रमा चौबे पति आरके चौबे को फ्लैट दिखाने सुरेंद्र रेसीडेंसी आई थीं। रमा भी उनके साथ ही राज्य शिक्षा केंद्र में पदस्थ हैं। पांचवीं मंजिल पर फ्लैट देखने के बाद वे, रमा और बच्चों को लेकर लिफ्ट में आ गई। उन्होंने लिफ्ट का दरवाजा बंद करके ग्राउंड फ्लोर का बटन दबा दिया। कुछ ही सेकंड बाद लिफ्ट धड़-धड़ाते हुए नीचे गिरने लगी। दोनों महिलाओं ने अपने-अपने बच्चों को कसकर पकड़ लिया, लेकिन लिफ्ट के नीचे गिरते ही सभी फ्लोर पर गिर गए। हादसे में प्रभा और रमा को पैर में गंभीर चोट आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने रहवासियों और घायलों के बयान दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है। भोपाल फ्रेक्चर अस्पताल के संचालक डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि दोनों की चोट गंभीर हैं।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |