Advertisement
मध्य प्रदेश में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 13 से 15 अगस्त तक घरों पर तिरंगा लहराएगा। पूरे प्रदेश में 36 हजार तिरंगा वितरण केन्द्र बनाए गए हैं। केंद्र सरकार की वेबसाइट harghartiranga.com पर तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अपलोड करने पर अपना सर्टिफिकेट ले सकते हैं। वहीं राज्य सरकार की सभी वेबसाइटों को खोलने पर 'हर घर तिरंगा अभियान' की जानकारी मिल सकेगी। अभियान को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में 1 करोड़ 51 हजार तिरंगे लगाने का लक्ष्य निर्धारित है। स्थानीय स्तर पर 1 करोड़ तिरंगे तैयार हो रहे हैं और 63 लाख बन भी चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्वसहायता समूह की महिलाएं तिरंगा तैयार कर रही हैं। साथ ही इसके केंद्र सरकार से 51 लाख में से 20 लाख तिरंगे प्राप्त हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि पूरे प्रदेश को तिरंगामय बनाना है। उन्होंने कहा, 'आजादी के अमृत महोत्सव पर राष्ट्रभक्ति की भावना का यह एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। मध्य प्रदेश का संकल्प है कि हर घर में तिरंगा लहराया जाएगा।' सीएम शिवराज ने अपील करते हुए कहा कि इस अभियान के लिए कलेक्टर, जिलों में धर्मगुरु, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता, रहवासी संघ के प्रमुख, व्यापारी, एनजीओ, सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े हुए लोगों के साथ बैठक कर उन सभी को प्रेरित करें। इस कार्यक्रम की रूपरेखा के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में सीएस, डीजीपी, एसीएस होम, पीएस संस्कृति, पीएस जनसंपर्क सहित सीएमओ के अधिकारी, जिला कलेक्टर एसपी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |