Advertisement
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नकली सिगरेट के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। मशहूर ब्रांड गोल्ड फ्लैक के नाम पर फर्जी सिगरेट की सप्लाई का खुलासा तब हुआ जब दिल्ली से आई ITC टीम ने गुप्त रूप से जांच करते हुए ग्राहक बनकर इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान करीब 5 लाख रुपये मूल्य का नकली माल जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, शहर के व्यापार विहार स्थित मालधक्का क्षेत्र में लंबे समय से यह अवैध कारोबार चल रहा था। यहां एक कारोबारी छोटे-बड़े दुकानदारों को थोक में नकली सिगरेट सप्लाई कर रहा था। शुरुआती जांच में ही यह सामने आया कि बाजार में बिक रही कई सिगरेट असली नहीं बल्कि बेहद चालाकी से तैयार की गई नकली उत्पाद थीं।
ITC टीम ने पहले शहर की पान दुकानों से सैंपल लेकर जांच की और जब सिगरेट नकली पाई गई, तो सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए खुद को ग्राहक के रूप में पेश किया। इसी दौरान सप्लायर ने टीम को महाराणा प्रताप चौक के पास निगम कॉलोनी स्थित एक फर्म पर बुलाया, जहां पूरे स्टॉक के नकली होने की पुष्टि हुई।
सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 5 लाख रुपये मूल्य के चार कार्टून सिगरेट जब्त किए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, इस अवैध नेटवर्क से रोजाना लाखों रुपये का नकली माल बाजार में खपाया जा रहा था, जिससे न सिर्फ सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा था बल्कि लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा पैदा हो रहा था।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |