Advertisement
महिला निकली रिटायर्ड फौजी की पत्नी
हांगकांग व सिंगापुर के होटल में युवकों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाली महिला रिटायर्ड फौजी की पत्नी निकली। आरोपी ने अपनी बेटी के नाम पर फर्जी कागजात बनाकर धोखाधड़ी का पूरा खेल रचा था। शाहपुरा पुलिस ने आरोपी को नबार्ड स्थित उसके शासकीय आवास से गिरफ्तार किया।
शाहपुरा थाना प्रभारी आशीष धुर्वे के अनुसार कोलार निवासी दीपांकर तिवारी समेत आधा दर्जन युवकों ने कुछ दिन पहले धोखाधड़ी की शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि था कि 17 सितंबर को एक अखबार में हांगकांग के होटल स्पाइस गार्डन में नौकरी का विज्ञापन आया था। उसी दिन शाहपुरा के एक बंगले में मृदुला नाम की महिला ने इंटरव्यू लिया। करीब 15 मिनट बाद ही उनकी नियुक्ति भी करना बता दिया। इसके बाद महिला के कहने पर पीड़ितों ने एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट से हांगकांग तक का करीब 28-28 हजार रुपए से टिकट बुक करा लिया। महिला वीजा बनाने के नाम के नाम पर उनके पासपोर्ट अपने साथ ले गई थी। फरार होने के बाद मुंबई पहुंचकर महिला टिकट कैंसल कराए और रुपए लेकर गायब हो गई। जांच के दौरान आरोपी महिला की पहचान नबार्ड ए-सेक्टर निवासी ईशे उर्फ मृदुला पाटनकर (45) पति आरवाय पाटनकर के रूप में हुई।
मूलतः सिक्कम निवासी ईशे का पति आर्मी से रिटायर्ड है। वह नबार्ड में सिक्योरिटी मैनेजर है। ईशे ने अपनी बेटी के नाम पर कागजात बना रखे थे और पहचान के लिए उसी का उपयोग करती थी। शुक्रवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे घर से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर दिया। टीआई धुर्वे ने बताया कि महिला की उम्र और उसकी बीमारी को देखते हुए उसे जमानत भी मिल गई। ईशे ने बताया कि करीब छह महीने से वह बेरोजगार थी, इसलिए उसने धोखाधड़ी की। वह पटना और मुंबई समेत मणिपुर में भी धोखाधड़ी कर चुकी है। शाहपुरा पुलिस अन्य राज्यों की भी पुलिस के संपर्क में है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |