Advertisement
ग्वालियर। मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। बुधवार को राजस्थान की ओर से आईं उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाओं के चलते एक बार फिर अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिन गुरुवार और शुक्रवार को ग्वालियर-चम्बल अंचल में लू की स्थिति निर्मित हो सकती है।
पिछले दिनों की तरह बुधवार को भी मौसम साफ रहा और काफी तेज धूप निकली। इसके साथ ही लगभग चार किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं भी चलती रहीं। इस वजह से दोपहर में मौसम अत्यधिक गर्म रहा। हवाओं में नमी बढ़ जाने से उमस भी परेशान करती रही। स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि अगले दो दिन तक मौसम गर्म रहेगा। इस दौरान ग्वालियर-चम्बल में विशेषकर भिण्ड, मुरैना, श्योपुर जिलों में लू की स्थिति निर्मित हो सकती है लेकिन 14 मई से तापमान में गिरावट होगी क्योंकि अगले 24 घंटे में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर में पहुंचेगा। ग्वालियर-चम्बल अंचल में इसका असर दो दिन बाद नजर आएगा। इसके प्रभाव से हवाओं की दिशा बदलने के साथ आंशिक बादल भी छा सकते हैं।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा बुधवार को अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 56 और शाम को 34 प्रतिशत दर्ज की गई।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |