Advertisement
दतिय। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह दतिया पहुंचे। यहां पर प्रदेश के गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने उनकी अगवानी की। इसके बाद योगी आदित्यनाथ पीतांबरा पीठ पहुंचे, जहां उन्होंने मां बगुलामुखी की पूजा अर्चना की। इसके साथ ही उन्होंने महाभारत कालीन वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। पीठ के आचार्य चंद्रमोहन दीक्षित चंदागुरू ने पूजा अर्चना कराई। इस दौरान यूपी सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के दतिया पहुंचने की जानकारी मिलने के साथ ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया था। गृह मंत्री डा नरोत्तम मिश्रा के साथ ही जिले के कई वरिष्ठ भाजपा नेता उनकी आगवानी करने के लिए पहुंचे थे।
सीएम ने अपने ट्विट में लिखा-
आज मध्य प्रदेश स्थित दतिया में श्री पीताम्बरा पीठ जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
यहां विधि-विधान से पीताम्बरा माई के दर्शन-पूजन और श्री वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर सम्पूर्ण जगत के कल्याण हेतु प्रार्थना की।
जय मॉं पीताम्बरा!
सीएम योगी आदित्यनाथ सीधे मां पीतांबरा पीठ मंदिर में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हाल ही में मां पीतांबरा जयंती के आयोजन के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीतांबरा पीठ स्थित सभी मंदिरों के दर्शन कर मां धूमावती के दरबार में भी पहुंचकर दर्शन किए। योगी आदित्यनाथ पीठ में करीब 20 मिनट तक रहे। इसके बाद वह दतिया से रवाना हो गए। इस दौरान दतिया कलेक्टर संजय कुमार, सीईओ कमलेश भार्गव, एडीएम रूपेश उपाध्याय सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने के पूर्व ही सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर का मुख्य द्वार दर्शनार्थियों के लिए बंद कर दिया गया था।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |