Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना काल में दो साल बाद पवन पुत्र हनुमान जी का जन्मोत्सव शनिवार को धूमधाम से मनाया जा रहा है। राजधानी भोपाल में हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर शाम तक जारी रहा। मंदिरों में पवनपुत्र का महाभिषेक किया जा रहा है। भक्त हनुमान जी को चोला चढ़ा रहे हैं। उन्हें पुष्प और मालाएं अर्पित करके पूजा अर्चना कर रहे हैं। आरती गा रहे हैं। इधर, भोपाल में शाम को हनुमान जन्मोत्सव पर पुराने शहर के तलैया इलाके से शोभायात्रा शुरू हो गई है। पुलिस के साये में यह शोभायात्रा निकाली जा रही है। शोभायात्रा मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
निधारित कार्यक्रम के अनुसार, भोपाल के बुधवारा कालीघाट से शाम 6.00 बजे शोभायात्रा शुरू हुई। इसमें चार हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए हैं। हनुमान भक्त जय श्रीराम के नारे लगा रहे हैं। शोभायात्रा में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा और पूर्व महापौर आलोक शर्मा भी शामिल हुए हैं। विधायक शर्मा ने हनुमान जी की पूजा की। इसके बाद शोभायात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा में शामिल हनुमान भक्त श्रद्धालु जय श्रीराम और वन्दे मातरम् के नारे लगा रहे हैं। हालांकि डीजे शुरू होते ही बंद करा दिया गया। शोभायात्रा में शामिल होने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों से हनुमान भक्तों का जत्था पहुंच रहा है। लिली टॉकीज से सुल्तानिया अस्पताल तक एक तरफ हनुमान भक्तों का जमावड़ा लगा है। इस कारण ट्रैफिक भी जाम हो गया है।
शोभायात्रा मार्ग की दुकानें बंद करा दी गई हैं। सिर्फ खान-पान की दुकानें ही खुली हैं। तलैया से इकबाल मैदान रोड पर यातायात रोक दिया गया है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए यहां मौजूद सभी मस्जिदों के सामने पुलिस बल तैनात किया गया है। शोभायात्रा में भारी मात्रा में लोग मौजूद हैं। सभी के हाथ में भगवा झंडे हैं। इनमें बड़ी संख्या में बजरंग बली के भक्त भी शामिल हैं। इस दौरान इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात है। सुरक्षा के लिए 600 जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
शोभायात्रा चार बत्ती चौराहे से बुधवारा, इतवारा, मंगलवारा, आजाद मार्केट, जुमेराती, घोड़ा नक्कास, नादरा बस स्टैंड होते हुए देर शाम सिंधी कॉलोनी पर पहुंचेगा। हिंदू उत्सव समिति के सदस्यों ने शहर के मंदिरों में जाकर चोला चढ़ाया। इसके साथ ही समिति के सदस्य शोभायात्रा का स्वागत करेंगे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |