Advertisement
भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि संपूर्ण प्रदेश में रामनवमी अभूतपूर्व उत्साह के साथ मनाई गई लेकिन खरगोन में दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि दंगाई छोड़े नहीं जाएंगे, उन पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। मध्यप्रदेश की धरती पर दंगाइयों का कोई स्थान नहीं है। दंगाई चिन्हित कर लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने खरगोन की घटना को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में उच्चस्तरीय अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कार्रवाई का मतलब केवल जेल भेजना नहीं है। जिन्होंने पत्थर चलाए और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, उनको दंडित किया जाएगा। सार्वजनिक संपत्ति हो या निजी संपत्ति, जितना भी नुकसान हुआ है, उतनी वसूली दंगाइयों से की जाएगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में लोक और निजी संपत्ति के नुकसान का निवारण और नुकसान की वसूली अधिनियम पारित किया है। हम क्लेम ट्रिब्यूनल का गठन कर रहे हैं। नुकसान का आकलन कर उन्हीं से वसूली की जाएगी। साथ ही ऐसा कठोरतम दंड दिया जाएगा, जो उदाहरण बन जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि किसी भी दंगाई को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर सक्सेना तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |