Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई भी मौसम प्रणाली वर्तमान में मौजूद नहीं है और हवा का रुख भी पश्चिमी बना हुआ है। वहीं, पड़ोसी राज्य राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र में एक बार फिर तपिश बढ़ गई है। वहां से आ रही गर्म हवाओं के असर से राजधानी भोपाल सहित पूरे मध्यप्रदेश में गर्मी बढ़ने लगी हैं। राजधानी भोपाल में धूप के तेवर का अंदाज इस बात से ही लगाया जा सकता है कि सुबह साढ़े आठ बजे ही तापमान 31 डिग्री पर पहुंच गया था।
राजधानी भोपाल में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं, मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे ही पारा 31 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। मंगलवार को राजधानी में दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के ऊपर निकल जाने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी पीके साहा के अनुसार मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। साथ ही यह सोमवार के न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा था। साथ ही यह रविवार के अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस के बराबर ही रहा था।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |