Advertisement
भोपाल। फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को लेकर मध्यप्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी नियाज खान के विवादित ट्वीट का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा के निशाने पर आने के बाद आईएएस नियाज खान ने रविवार को एक ओर ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने अपने खिलाफ बोलने वालों पर पलटवार किया है। साथ ही एक अन्य ट्वीट में कश्मीरी हिन्दुओं की मदद की बात कही है। इसके बाद इस ट्वीट वार में फिल्म के निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री की भी एंट्री हो गई है। उन्होंने भोपाल आकर आईएएस नियाज खान से मिलने की बात कही है।
आईएएस नियाज खान ने शनिवार को विवादित ट्वीट किया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचनाएं शुरू हो गई थीं। रविवार को उन्होंने पुनः ट्वीट करते हुए कहा कि अगर आप सच बोलते हैं तो कट्टरपंथी आप पर हमला करना शुरू कर देते हैं। सोशल मीडिया मेरे खिलाफ गालियों से भरा है। ऐसे नफरत करने वालों की भाषा केवल उनकी निम्न गुणवत्ता वाली शिक्षा को दर्शाएगी। शिक्षित लोग सभ्य भाषा का बड़े तरीके से उपयोग करते हैं, लेकिन आधुनिक शिक्षा सभ्य नागरिक बनाने में विफल रही।
उन्होंने रविवार को ही एक अन्य ट्वीट में कहा कि 'द कश्मीर फाइल्स' की आय 150 करोड़ तक पहुंची। यह बढ़िया है। लोगों ने कश्मीरी ब्राह्मणों की भावनाओं का बहुत सम्मान किया है। मैं फिल्म निर्माता का सम्मान करूंगा कि वह सारी कमाई ब्राह्मण बच्चों की शिक्षा और कश्मीर में उनके घरों के निर्माण में स्थानांतरित कर दे। यह एक महान दान होगा।
उनके इस ट्वीट पर फिल्म निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने ट्वीट के माध्यम से आईएएस नियाज खान को जवाब दिया है। उन्होंने पूछा कि आप अपनी किताबों की रॉयल्टी और आईएएस अधिकारी के रूप में अपनी शक्ति के साथ कश्मीरियों की कैसे मदद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैं 25 मार्च को भोपाल आ रहा हूं। वहीं मुलाकात करूंगा। उन्होंने उनसे मिलने के लिए अपाइंटमेंट भी मांगा है। हम मिलकर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे कि कश्मीरी पंडितों की मदद कैसे कर सकते हैं।
वहीं, आईएएस नियाज खान ने एक अन्य ट्वीट में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमिन (एआईएमएआईएम) नेता असुदद्दीन ओवैसी से भी सवाल किया है। उन्होंने कहा कि "ओवैसी जी इस मुद्दे पर चुप हैं। कृपया केवल चुनाव के दौरान ही नहीं, मानवीय मुद्दों पर बोलें। हमें हिंदू भाइयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर एक मजबूत देश बनाना है। अरब हमारा मॉडल नहीं है। भारत हमारा मॉडल है और यह भूमि हमारी मातृभूमि है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |