Advertisement
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पर्यावरण को लेकर विश्व चिंतित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जो दिशा दिखाई, लक्ष्य तय किया है, उसे प्राप्त करने में अहम भूमिका पौधरोपण की है। हम जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ या अपने दिवंगत परिजनों की स्मृति में पौधरोपण अवश्य करें। जन्मदिन काफी खर्चीले होते हैं, जबकि इससे किसी का फायदा नहीं होता। अब जन्मदिन पर कोई होर्डिंग, पोस्टर आदि मत लगाना, बल्कि पौधरोपण करना। पौधरोपण ही मेरे जन्मदिन का वास्तविक उपहार है।
मुख्यमंत्री चौहान गुरुवार को अपने पौधरोपण के संकल्प के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम के पास बन रहे शहर के पहले श्रीयंत्र वाले पार्क में गुरुवार सुबह साढ़े दस बजे जनप्रतिनिधियों के साथ पीपल और आम के पौधे रोपे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विगत एक वर्ष से उनके साथ पौधरोपण करने वाली संस्थाओं से भेंट भी की। संस्थाओं के सदस्यों द्वारा ए.बी.डी एरिया में 365 से अधिक पौधों का रोपण भी किया गया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले साल नर्मदा जयंती के मौक पर 19 फरवरी 2021 को रोजाना एक पौधा रोपने का संकल्प लिया था। अपने इसी संकल्प का निर्वहन करते हुए उन्हें एक साल पूरा हो चुका है। इस उपलक्ष्य में आज भोपाल में नीम, बरगद, आम, गुलमोहर समेत अन्य प्रजातियों के करीब 365 पौधे रोपे गए। इस अवसर पर उनके साथ गृहमंत्री डा नरोत्तम मिश्रा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी समेत पार्टी के अनेक नेता व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद है। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री द्वारा बीते एक साल में किए गए पौधारोपण के चित्रों की प्रदर्शनी भी सजाई गई है।
मुख्यमंत्री चौहान ने इस मौके पर कहा कि 19 फरवरी, 2021 को मां नर्मदा जयंती के दिन अमरकंटक से यह अभियान शुरू हुआ। एक दिन भी बाधित नहीं हुआ, सतत जारी है। पहले मैं अकेले ही पौधरोपण करता था, फिर संस्थाएं भी साथ आईं। भोपाल या मप्र से बाहर गया, तो भी पौधरोपण जरूर करता। अब बिना पौधा लगाए मन को संतोष नहीं मिलता।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण के संकल्प के क्रम में आज कैबिनेट साथियों, भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी पी. मुरलीधर राव जी, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा जी सहित अन्य गणमान्य साथियों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित सामाजिक संस्थाओं के साथ भोपाल के टीटी नगर के एबीडी क्षेत्र में पौधरोपण किया। मेरे प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प में विगत एक वर्ष के दौरान सहयोग कर पर्यावरण संरक्षण के लिए कदम बढ़ाने वाले मेरे कैबिनेट के साथी मंत्रियों, भाजपा के सहयोगियों, सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त करता हूं। प्रसन्नता का क्षण है, मन आनंद से भरा है कि इस पुनीत कार्य में आप सभी ने सहयोग किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नेक कार्य करने वालों की संख्या बहुत ज्यादा है, जो संतोष की बात है और उज्ज्वल भविष्य के शुभ संकेत है। हमें इस संकल्प को जारी रखना है। उन्होंने कहा कि आप भी पौधरोपण करके देखें, वास्तव में आनंद प्राप्त होगा। मुझे तो पौधों से इतना स्नेह है कि ये भी मुझे भांजे-भांजियों की तरह लगते हैं। पेड़ हमें फल-फूल ही नहीं मिलते, बल्कि पक्षियों, कीट-पतंगों को भी आहार, ठिकाना मिलता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कहा कि हमें कार्बन उत्सर्जन को कम कर पर्यावरण के संरक्षण की दिशा में काम करना है, जो अधिक से अधिक पौधरोपण से ही संभव है। हम सभी शुभ अवसरों पर और अपने दिवंगत प्रियजनों की स्मृति में पौधरोपण करें। जन्मदिन काफी खर्चीले होते हैं, जबकि इससे किसी का फायदा नहीं होता। अब जन्मदिन पर कोई होर्डिंग, पोस्टर आदि मत लगाना, बल्कि पौधरोपण करना। हम जन्मदिन मनाएं तो सार्थक मनाएं। पौधरोपण ही मेरे जन्मदिन का वास्तविक उपहार है। अंकुर अभियान से जुड़े। पौधरोपण करके इस पोर्टल पर अपनी फोटो अपलोड करें, फिर उसकी देखभाल भी करें। मेरी अपील है कि आप भी प्रतिदिन पौधरोपण करें। संस्थाएं प्रतिदिन कम से कम दो पौधे जरूर लगाएं।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |