Video

Advertisement


दिन भर तेज धूप और उमस के बाद शाम को हुई तेज बारिश
gwalior,After strong sunshine , humidity throughout
ग्वालियर। शहर में शुक्रवार को दिन भर तेज धूप और उमस के बाद शाम को लगभग आधा घंटे तक तेज बारिश हुई, जिससे गर्मी से काफी राहत मिली। मौसम विभाग इसके पीछे दक्षिण पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिण पश्चिमी बिहार के बीच बने कम दबाव के क्षेत्र का असर बता रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि गुना तक मानसून पहुंच चुका है, जबकि ग्वालियर सहित अंचल के अन्य जिलों में मानसून एक-दो दिन में पहुंचने की संभावना है।
 
पिछले दिनों की तरह शुक्रवार को भी शहर के आसमान में आंशिक बादल छाए रहे, जिससे दिन में अधिकांशत: धूप खिली रही। साथ ही छह किलोमीटर प्रति घंटे की गति से नमी युक्त उत्तर पूर्वी हवाएं चलती रहीं। इस कारण शहरवासियों का पूरा दिन उमस भरी गर्मी के साथ बीता। शाम करीब पांच बजे से बादलों का घनत्व बढऩा शुरू हुआ और साढ़े पांच बजे तक आसमान पर पूरी तरह बादलों का कब्जा हो गया। शाम करीब पौने छह बजे से बारिश शुरू हो गई, जो करीब सवा छह बजे तक जारी रही। इस दौरान कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हुई।
 
मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के अनुसार ग्वालियर-चम्बल अंचल में अभी मानूसन केवल गुना तक पहुंचा है। अंचल के शेष जिलों में अभी प्री मानसून के तहत बारिश हो रही है। संभावना है कि एक से दो दिन में अंचल के अन्य जिलों में भी मानसून पहुंच जाएगा। अभी चूंकि दक्षिण पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण पश्चिमी बिहार तक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही दक्षिण पंजाब से हरियाणा, उत्तरी उत्तर प्रदेश, बिहार से होते हुए पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणिका भी बनी हुई है। इसके प्रभाव से ही आज ग्वालियर में बारिश हो रही है। अगले 24 घंटों के दौरान भी ग्वालियर सहित अंचल में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम गति से बारिश होने की संभावना है।
 
उत्तर पूर्वी हवाओं से लुढ़का पारा: पिछले कुछ दिनों से हवाएं पश्चिम और उत्तर पश्चिम से आ रही थीं, लेकिन शुक्रवार को हवाओं का रुख बदलकर उत्तर पूर्वी हो गया। इसके साथ ही शाम को बारिश भी हो गई, जिससे अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 2.0 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 69 प्रतिशत दर्ज की गई, जो औसत से 21 प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 56 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी औसत से 22 प्रतिशत अधिक है।


Kolar News 18 June 2021

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.