नागदा। बच्चों को स्कूल ले जा रहे एक ऑटो को गुरुवार सुबह एक बाइक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नागदा के जवाहर मार्ग पर गुरूवार सुबह करीब 9.30 बजे स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो दुर्घटना का शिकार हुो गया। सामने से आ रहे एक मोटर साइकिल सवार ने ऑटो को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में ऑटो में सवार एक छात्रा आरूषि पिता गोवर्धनलाल गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रा के पैर में फैक्चर हुआ है। अन्य दो विद्यार्थियों को भी सामान्य चोटें आई हैं। पुलिस ने ऑटो को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि ऑटो ग्रेसिम के आदित्य बिड़ला स्कूल के बच्चों को लेकर जा रहा था।