हरदा। महेश्वर का एक व्यापारी अपने परिवार सहित तीन दिन से लापता है। व्यापारी अपने परिवार के साथ होशंगाबाद के सिवनी मालवा में शादी समारोह में शामिल होने गया था। 16 फरवरी को वह अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ वापस महेश्वर के लिए निकला था लेकिन अब तक घर नहीं पहुंच सका है। उनकी कार मंगलवार देर शाम को हंडिया के पास नर्मदा नदी के किनारे मिली है। कार में पति-पत्नी दोनों के मोबाइल फोन और सारा सामान रखा मिला है। पुलिस मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार अमित कुमरावत महेश्वर के प्रतिष्ठित कुमरावत परिवार से हैं। उनका खरगोन जिले के करहि में बाइक का शोरूम है। अमित कुमरावत अपनी पत्नी सुरभि, 7 साल की बेटी नोशी और 5 माह के बेटे विनायक के साथ 11 फरवरी को अपनी साली की शादी में शामिल होने सिवनी मालवा आए थे। 16 फरवरी को वे पत्नी सुरभि और दोनों बच्चों के साथ महेश्वर के लिए कार से रवाना हुए थे। रास्ते में वे टिमरनी में अपने एक रिश्तेदार मनोज राउत के घर रुके और शाम 5 बजे महेश्वर के लिए रवाना हो गए। वहां से निकलने के बाद देर रात तक अमित घर नहीं पहुंचे। परेशान परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास उनकी जानकारी ली लेकिन कहीं भी उनका पता नहीं चला।
आखिरकार परेशान परिवार ने पुलिस को जानकारी दी और फिर खोजबीन शुरू हुई। पुलिस ने उनकी मोबाइल फोन के आधार पर खोजबीन की। अमित औऱ परिवार की लास्ट लोकेशन हरदा जिले के हंडिया में मिली। रिश्तेदारों ने जब हंडिया में तलाश की तो उनकी कार नर्मदा किनारे रिड्ढनाथ घाट पर खड़ी मिली। हंडिया पुलिस ने मंगलवार देर शाम अमित, सुरभि और दोनों बच्चों की गुमशुदगी का मामला दर्ज किया। परिजनों का कहना है कि अमित का किसी से भी विवाद नहीं था और न ही उसे व्यापार में घाटा या पारिवारिक कलह। हंडिया थाना पुलिस ने अब कर्ज, मोबाइल डिटेल से लेकर बैंक स्टेटमेंट तक की पड़ताल कर हर पहलू की जांच शुरू कर दी है।