छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन के पीछे रहने वाले मुकेश कुशवाहा की पत्नी पुष्पा कुशवाहा ने बीती शाम घरेलू झगड़े के चलते जहर खा लिया जिसके बाद इलाज दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। वहीं पुष्पा के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर उसे जबरन जहर खिलाने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरु कर दी है।
मृतिका के भाई अरविंद ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए बताया कि वह बिजावर क्षेत्र के महुआझाला का रहने वाला है। करीब 6 साल पहले उसने अपनी बहन की शादी मुकेश के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही मुकेश और उसके घरवाले पैसों की मांग कर रहे थे और इसी बात को लेकर वे पुष्पा को भी परेशान करते थे। कुछ समय पूर्व पुष्पा परेशान होकर अपने मायके आ गई लेकिन ससुराल वाले उसे यह कहकर वापिस ले गए कि अब वे उसे परेशान नहीं करेंगे लेकिन वापस आने के बाद फिर से पुष्पा पर दहेज के लिए दबाव बनाकर मारपीट की जाने लगी जिसकी जानकारी पुष्पा ने कई बार अपने मायके वालों को दी। बीती शाम करीब 7 बजे पुष्पा का झगड़ा उसके ससुराल वालों से हुआ और उसने मायके फोन लगाकर बताया कि उसके ससुराल वाले उसे पीट रहे हैं, इसके बाद फोन कट गया। सुबह पुष्पा के ससुराल वालों ने फोन लगाकर उसके भाई को बताया कि पुष्पा की तबियत खराब है और जब तक वे अस्पताल पहुंचे तब तक पुष्पा की मौत हो चुकी थी। मृतिका के भाई अरविंद ने ससुराल पक्ष के लोगों पर पुष्पा को जबरन जहर खिलाए जाने का संदेह जाहिर किया है।