Advertisement
राजगढ़। जिले के भोजपुर थाना अंतर्गत पुरा बारोल गाँव में गुरुवार देर शाम एक विवाहिता को उसके ही पति, सास और ससुर ने मारकर जलाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद देर रात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अधजली अवस्था में महिला की जली हुई खोपड़ी जब्त की है। इसे जांच के लिए मेडिकल लीगल संस्थान भोपाल भेजा गया है।
खिलचीपुर की अनुविभागीय अधिकारी पुलिस निशा रेड्डी ने शुक्रवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुरा बारोल गाँव मे कालीबाइ तंवर (22) को उसके ही पति, सास और ससुर ने घर में मारकर जला दिया। अधिक जल जाने के कारण कालीबाई की मौके पर ही मौत हो गई। देर रात सूचना मिलने पर भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को मारकर जलाने का आरोप महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए हैं। उन्होंने बताया कि मृतक महिला के पिता मोरसिंह एवं अन्य परिजनों ने आरोप लगाए हैं कि कालीबाई को ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले मार दिया एवं बाद मे उसको शमशान ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया। शव को गुपचुप तरीके से वहां ले जाकर उसको जलाया गया। महिला की हत्या की शिकायत मिलने के साथ ही पुलिस ने गांव पहुंचकर श्मशान से महिला की खोपड़ी को जब्त किया है। पुलिस को सूचना मिली और पुलिस पहुंची तब तक शरीर जल चुका था। खोपड़ी का कुछ हिस्सा बचा हुआ था। पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है।
पुलिस ने विवाहिता के पति वीरम तंवर, सास ग्यारसी बाई तंवर और ससुर कंवरलाल तंवर के खिलाफ भादवि की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |