7 साल की बच्ची के साथ की हैवानियत फिर ले ली जान
भोपाल से करीब 25 किमी दूर भोजपुर मंदिर के पास एक शख्स ने 7 साल की बच्ची से रेप के बाद उसका मर्डर कर दिया। बाद में उसकी लाश मंदिर के पीछे ही दफना दी। बच्ची के ढाई साल के भाई के कारण आरोपी का पता चला। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। जानिए पूरा मामला...औबेदुल्लागंज एडीओपी एसके मरावी के अनुसार भोजपुर निवासी जसवंत कीर किसान हैं। वे भोजपुर मंदिर के पास नारियल और चाय की दुकान भी चलाते हैं। जसवंत की पत्नी पिछले कुछ समय से भोजपुर से पांच किलोमीटर दूर नयापुरा गांव में रहती है। बच्चे जसवंत के पास रहते हैं। रविवार को जसवंत दुकान पर थे। उनकी मां और कक्षा दूसरी में पढ़ने वाली सात साल की बेटी घर पर थी। बेटा घर के बाहर था। इस बीच बेटी लापता हो गई थी। परिजनों और पड़ोसियों ने बेटी की तलाश की। देर रात तक पता नहीं चला तो भोजपुर चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।बच्ची के ढाई साल के भाई ने खुलासा किया कि उसकी बहन किसके साथ गई है। पुलिस ने इस दिशा में जांच शुरू की। सोमवार की सुबह भोजपुर के राजमिस्त्री मुन्ना सिलावट ने भी जानकारी दी कि रविवार की दोपहर करीब दो बजे बच्ची को भोजपुर निवासी दौलत सिंह भील (40) के साथ देखा था। वह उसे खेत की तरफ लेकर जा रहा था। दौलत सिंह पिछले आठ माह से जसवंत कीर के खेत पर काम कर रहा था। पुलिस ने दौलत सिंह के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि भोजपुर मंदिर से तीन किमी दूर इमलिया मार्ग स्थित फूटा तालाब के पास उसने बच्ची से ज्यादती की और गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में शव को वह जंगल में छोड़कर भाग गया।